फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Chandigarh: जाम खत्म करने की कवायद, कलाग्राम से मनीमाजरा कार बाजार पार्किंग तक बन सकता है फ्लाईओवर

Sat, 25 Feb 2023 10:07 AM IST
निवेदिता वर्मा रिशु राज सिंह, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

यूटी प्रशासन ने राइट्स को ट्राइसिटी के लिए एक कंप्रिहेंसिव मोबिलिटी प्लान बनाने का काम सौंपा है, जिसपर राइट्स की तरफ से दिसंबर 2021 से काम किया जा रहा है। राइट्स ने चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली के अधिकारियों के साथ चर्चा और एरिया के सर्वे के बाद प्लान का संशोधित ड्राफ्ट भी प्रशासन को सौंप दिया है।
विज्ञापन
राइट्स का प्लान - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

चंडीगढ़ में कलाग्राम से मनीमाजरा कार बाजार पार्किंग तक करीब 1.70 किमी लंबा फ्लाईओवर बन सकता है। हाउसिंग बोर्ड लाइट प्वाइंट पर रोजाना लग रहे जाम को खत्म करने के लिए रेल इंडिया तकनीकी और आर्थिक सेवा (राइट्स) ने प्रशासन को यह विकल्प सुझाया है। इसके साथ लाल बत्तियों को हटाकर चौक बनाने समेत कई अहम बदलाव करने की बात कही है। सलाहकार धर्मपाल को राइट्स ने इस संबंध में शुक्रवार को विस्तृत प्रेजेंटेशन दी है।

विज्ञापन


यूटी प्रशासन ने राइट्स को ट्राइसिटी के लिए एक कंप्रिहेंसिव मोबिलिटी प्लान बनाने का काम सौंपा है, जिसपर राइट्स की तरफ से दिसंबर 2021 से काम किया जा रहा है। राइट्स ने चंडीगढ़, पंचकूला और मोहाली के अधिकारियों के साथ चर्चा और एरिया के सर्वे के बाद प्लान का संशोधित ड्राफ्ट भी प्रशासन को सौंप दिया है। सलाहकार ने हाउसिंग बोर्ड लाइट प्वाइंट पर रोजाना लग रहे जाम से निपटने के लिए विकल्प मांगे थे, जिस पर शुक्रवार को राइट्स की तरफ से प्रशासन के सभी अधिकारियों को एक विस्तृत प्रेजेंटेशन दी गई और दो विकल्प बताए गए। इसके अलावा राइट्स ने कहा है कि वायु सेना का विरासत केंद्र बनने की वजह से सेक्टर-18 स्थित प्रेस लाइट प्वाइंट पर भी आने वाले समय में जाम लग सकता है, इसलिए वहां की लालबत्तियों को हटाकर चौक बनाया जाना चाहिए।

हाउसिंग बोर्ड लाइट प्वाइंट के लिए सुझाव -1
कलाग्राम से मनीमाजरा कार बाजार पार्किंग तक 1.70 किलोमीटर लंबा फ्लाईओवर बनाया जाए, ताकि पिंजौर की तरफ जाने वाले ट्रैफिक को लाइटों पर रुकना न पड़े। लाल बत्तियों को हटाकर वहां 26 मीटर के रेडियस का एक चौक बनाया जाए। कलाग्राम की तरफ रेलवे कालोनी के पास की लाल बत्तियों को भी हटाकर 16 मीटर के रेडियस के टियर ड्रॉप जैसा चौक बनाया जाना चाहिए। सभी रास्तों पर टेबल टॉप और साढ़े तीन मीटर का एक रास्ता हो, जिसमें दो मीटर का फुटपाथ और डेढ़ मीटर का साइकिल ट्रैक हो। इसके अलावा मनीमाजरा के दशहरा-मेला ग्राउंड के पास एक वनवे लिंक रोड बनाने का भी सुझाव है।
विज्ञापन


हाउसिंग बोर्ड लाइट प्वाइंट के लिए सुझाव -2
हाउसिंग बोर्ड की लाल बत्तियों को हटाकर 26 मीटर के रेडियस का एक चौक बनाया जाए। इसके आगे चंडीगढ़ की तरफ जाकर रेलवे कॉलोनी के पास की लाल बत्तियों को भी हटाकर 16 मीटर के रेडियस के टियर ड्रॉप जैसा चौक बनाया जाना चाहिए। तीन लेन का एक राइट टर्न अंडरपास बनाया जाए, जो चंडीगढ़ से मौलीजागरां और पंचकूला की तरफ जाने वाले ट्रैफिक के लिए हो। चंडीगढ़-पंचकूला रोड पर बस स्टॉप के लिए अलग जगह बनाई जाए। सभी रास्तों पर टेबल टॉप बनाए जाए। एक कंबाइन साढ़े तीन मीटर का रास्ता हो, जिसमें दो मीटर का फुटपाथ और डेढ़ मीटर का साइकिल ट्रैक हो।

प्रेस लाइट प्वाइंट के लिए सुझाव
लाइटों को हटाकर 50 मीटर के रेडियस का एक चौक बनाया जा सकता है। चौक के नीचे से गुजरता हुआ सेक्टर-18/8 और सेक्टर-17/9 की सड़कों के बीच फोरलेन का एक अंडरपास बनाया जाए, ताकि मटका चौक की तरफ आने और जाने वाले ट्रैफिक को लाल बत्तियों पर न रुकना पड़े। राइट्स की रिपोर्ट के अनुसार ज्यादा लालबत्तियों की वजह से अलग-अलग जाम लगते हैं। चौक के पास चारों रास्तों पर टेबल टॉप बनाए जाएं, जिससे पैदल चलने और साइकिल सवारों के लिए आसानी हो।

राइट्स की तरफ से किए गए कार्यों की टाइमलाइन 

  • 21 जनवरी 2022 - राइट्स ने अपनी पहली इंसेप्शन रिपोर्ट पेश की
  • 3 मार्च - सलाहकार धर्मपाल ने मोबिलिटी प्लान पर काम करने की मंजूरी दी
  • 6 जून - राइट्स ने अंतरिम रिपोर्ट पेश की
  • 7 जुलाई - सलाहकार ने कई संशोधन करने के निर्देश दिए
  • 26 जुलाई - संशोधित अंतरिम रिपोर्ट पेश हुई, जिसे सलाहकार ने हरी झंडी दे दी
  • 28 अक्टूबर - राइट्स की तरफ से कंप्रिहेंसिव मोबिलिटी प्लान का ड्राफ्ट पेश किया गया
  • दो दिसंबर - सलाहकार ने प्रेजेंटेशन देखने के बाद मोहाली और पंचकूला को भी जोड़ने का आदेश दिया
  • 31 जनवरी 2023 - राइट्स ने संशोधित मोबिलिटी प्लान का ड्राफ्ट प्रशासन को सौंपा
  • 16 फरवरी - मंजूरी के लिए हेरिटेज कंजर्वेशन कमेटी की सब कमेटी को रिपोर्ट दी गई
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें