चंडीगढ़। काली बाड़ी लाइट प्वाइंट के पास शुक्रवार को एक रिक्शा चालक ने 80 वर्षीय बुजुर्ग से मारपीट कर 7220 रुपये छीन लिए। पुलिस ने कुछ ही देर बाद आरोपी धनास निवासी चंद्रशेखर सिंह (40) को धर दबोचा। आरोपी को पुलिस ने शनिवार को अदालत में पेश किया जहां से उसे दो दिन के रिमांड पर भेज दिया गया। अब पुलिस पूछताछ कर रही है कि उसने और कितनी वारदात की हैं।
गांव जगतपुरा निवासी पीड़ित हरि चंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शुक्रवार को निजी काम से सेक्टर-23 में गए थे। वापस घर लौटने के लिए उन्होंने सेक्टर-23 से रिक्शा ले लिया। जब वह काली बाड़ी लाइट प्वाइंट के पास पहुंचे तो रिक्शा चालक चंद्रशेखर ने उन्हें पकड़कर नीचे फेंक दिया और मारपीट कर उनकी जेब से 7220 रुपये छीन लिए। वारदात के बाद आरोपी फरार हो गया। बुजुर्ग ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। एरिया में गश्त कर रहे सेक्टर-31 थाना प्रभारी रणजीत सिंह ने बुजुर्ग से आरोपी के हुलिए के बारे में पूछा तो पता चला उसने पीली टीशर्ट पहनी है। रणजीत सिंह ने अपनी गाड़ी सेक्टर-47 की तरफ मोड़ी। दूसरे टीमों को भी उन्होंने पीली टीशर्ट वाले रिक्शा चालक की तलाश में लगा दिया। सेक्टर-47 में आरोपी नहीं मिला तो रणजीत सेक्टर-46 पहुंचे, जहां आरोपी दिख गया। पुलिस को देख उसने रिक्शे को छोटी गलियों की तरफ मोड़ लिया और भागने लगा लेकिन पुलिस की टीम ने दौड़ाकर उसे घेरकर दबोच लिया।