अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले पदक विजेताओं को एचसीएच की नौकरियों में स्पोर्ट्स कोटा के तहत आरक्षण का रास्ता साफ हो गया है। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने इस फाइल पर अपनी मंजूरी दे दी है। खेल मंत्री अनिल विज ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने कहा है कि जल्द इसे अमलीजामा पहनाया जाएगा।
विज ने कहा कि पिछली सरकार ने यह घोषणा की थी कि अंतरराष्ट्रीय स्तर के मेडल हासिल करने वाले खिलाड़ियों को एचसीएस में कोटा के तहत आरक्षण दिया जाएगा। उन्होंने बताया कि स्पोर्ट्स कोटे के तहत तीन फीसदी का कोटा दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने इस प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। जल्द ही इस बाबत नोटिफिकेशन भी जारी कर दिया जाएगा।
अंतरराष्ट्रीय स्तर के खेलों में हरियाणा के लिए पदक लाने वाले खिलाड़ियों के लिए अच्छी खबर है। अभी तक केवल खेल कोटे से ही नौकरी पा रहे इन खिलाड़ियों को अब हरियाणा लोकसेवा आयोग (एचपीएससी) द्वारा की जाने वाली एचसीएस (हरियाणा प्रशासनिक सेवा) की नौकरियों में भी कोटा मिलेगा। पदक विजेता खिलाड़ियों के लिए एचसीएस की नौकरी में तीन प्रतिशत कोटा रहेगा।
सरकार के इस फैसले की नोटिफिकेशन होते ही राज्य में यह फैसला लागू हो जाएगा। खेल मंत्री अनिल विज का कहना है कि मुख्यमंत्री इस प्रस्ताव पर अपनी स्वीकृति दे चुके हैं। उन्होंने कहा कि एचसीएस में कोटा तय होने के बाद खिलाड़ियों का खेलों के प्रति और रुझान बढ़ेगा। पूर्व की हुड्डा सरकार में खिलाड़ियों को खेल कोटे के तहत हरियाणा पुलिस में सिपाही से लेकर सीधे डीएसपी तक भर्ती किया गया है।