हरियाणा में संयुक्त पात्रता परीक्षा (सीईटी) के फेर में ग्रुप डी और सी की करीब 47 हजार पदों की भर्ती अटक गई है। परीक्षा के लिए करीब 14 लाख युवाओं ने आवेदन किया है, जबकि हरियाणा कर्मचारी चयन आयोग का लक्ष्य 60 लाख आवेदन का है। अब आयोग ने पंजीकरण की तारीख बढ़ाकर 31 मई कर दी है। हालांकि परीक्षा की तारीख अभी तय नहीं की गई है।
बता दें कि हरियाणा सरकार ने ग्रुप सी और डी की भर्ती के लिए कॉमन परीक्षा कराने की घोषणा की थी। जनवरी में सीएम मनोहर लाल ने आवेदन के लिए कॉमन एन्ट्रेंस टेस्ट और वन टाइम रजिस्ट्रेशन की शुरुआत की थी और पोर्टल को 31 मार्च तक खोला गया था। आयोग की उम्मीद से कम आवेदन आए हैं। आयोग का कहना है कि पिछले छह साल में अलग-अलग नौकरियों के लिए करीब तीन करोड़ अभ्यार्थियों ने आवेदन किया था। ऐसे में 14 लाख आवेदनों की संख्या कम है।
यह भी पढ़ें- हरियाणा : रेवाड़ी में दुष्यंत चौटाला का विरोध करने पहुंचे किसानों को पुलिस ने किया गिरफ्तार
आवेदकों की संख्या बढ़ाने के पीछे यह वजह भी है कि आयोग को परीक्षा आयोजन में करोड़ों रुपये खर्च करने पड़ते हैं। अब आयोग के सामने दिक्कत ये है कि वह नए साल से पहले ही करीब 25 हजार पदों की भर्ती का विज्ञापन जारी कर चुका है। वहीं सरकार ने सीईटी घोषणा के बाद भी 22 हजार पदों पर भर्ती की मांग की है। ऐसे में कुल 47 हजार पदों की भर्ती उलझ गई है। अब आयोग इस उलझन में है कि पहले वाली विज्ञापित भर्ती को सीईटी के आधार पर आयोजित करना है या फिर सीईटी के बिना। यह कारण है कि भर्ती अभी लटकी है।
एक बार देनी होती है फीस, तीन साल मान्य
ग्रुप सी और डी की सभी नौकरियों के लिए वन टाइम रजिस्ट्रेशन करना होगा और रजिस्ट्रेशन के लिए एक टाइम ही फीस देनी होगी। परिवार पहचान पत्र को इस पोर्टल से जोड़ा जा रहा है। सीईटी की मान्यता तीन साल के लिए रहेगी। ग्रुप सी के लिए सीईटी करना होगा। उसके बाद विभागीय पद के लिए अलग से स्क्रीनिंग करनी होगी।
यह भी पढ़ें- सिद्धू की सक्रियता बढ़ी : क्या नई पार्टी बनाएंगे 'गुरु', पंजाब में चुनाव से पहले नए समीकरण के संकेत
संयुक्त पात्रता परीक्षा से पहले करीब 25 हजार नौकरियों के लिए विज्ञापन जारी किए गए थे, अब इसकी घोषणा के बाद से 22 हजार और कर्मचारियों की मांग आ चुकी है। आवेदन के लिए तिथि बढ़ाई गई है, ताकि ज्यादा से ज्याद लोग इसके लिए आवेदन कर सकें। आयोग का लक्ष्य है कि आवेदनों की संख्या करीब 60 लाख हो। जल्द ही परीक्षा और भर्ती को लेकर निर्णय लिया जाएगा। - भोपाल सिंह, चेयरमैन, एचएसएससी।