चंडीगढ़ में 200 रुपये किलो हुआ नींबू का दाम।
- फोटो : फाइल
चंडीगढ़ में महंगाई ने लोगों का बुरा हाल कर दिया है। मिर्ची के दाम में कमी आते ही नींबू के रेट काफी ऊंचे हो गए हैं। शनिवार को सेक्टर-28 सब्जी मंडी में नींबू थोक में 170 से 180 रुपये किलो तक बिका, वहीं फुटकर में 200 से 220 और सेक्टरों में जाकर रेहड़ी पर 240 रुपये किलो तक नींबू लोगों तक पहुंचा। आढ़तियों ने बताया कि गर्मी आते ही नींबू की खपत काफी बढ़ गई है, वहीं आवक अभी कम है। ऐसे में लोगों तक महंगा सामान पहुंच रहा है।
आढ़ती कस्तूरी लाल शर्मा ने बताया कि वर्ष 2020 में अप्रैल माह में 15 रुपये किलो में नींबू बेचा था क्योंकि कोरोना के कारण उस समय लोग घरों में और होटल-रेस्टोरेंट बंद थे। इसके अलावा रेहड़ियों पर सोडा वाटर व नींबू पानी बेचने वालों का व्यवसाय भी बंद था। वर्ष 2021 में कुछ हद तक राहत मिली थी। रेस्टोरेंट व होटल कम क्षमता के साथ खुले थे। पिछले साल अप्रैल में 110 रुपये किलो तक नींबू मिल गया था। दो बार से नींबू में नुकसान झेल रहे जमींदारों ने इस बार फसल कम कर दी। इससे मांग के अनुसार आवक नहीं हो सकी। इस समय मंदसौर से नींबू आ रहा है जो दिल्ली होते हुए चंडीगढ़ पहुंच रहा है।
कुछ इस तरह रहे सब्जियों के दाम
सब्जी थोक फुटकर रेहड़ी
मिर्ची 30 से 40 60 80
भिंडी 50 से 60 80 100
शिमला मिर्च 30 से 35 50 65 से 70
मटर 40 से 42 55 से 60 70
प्याज 14 से 20 22 से 30 35 से 40
आलू 10 से 12 16 से 18 20
खरबूजा 40 से 42 60 70