वेरका बोले- भाजपा कट्टरवादी पार्टी, जात-पात हावी
पूर्व मंत्री व पंजाब इकाई के उपाध्यक्ष डॉ. राजकुमार वेरका ने भाजपा को कट्टरवादी पार्टी करार देते हुए पद से इस्तीफा दे दिया है। डॉ. वेरका ने करीब एक साल बाद घर वापसी करते हुए फिर कांग्रेस का दामन थाम लिया है। वेरका ने कहा कि भाजपा में जात-पात हावी है। अपने निवास पर पत्रकारों से भाजपा में शामिल होने को अपनी सबसे बड़ी राजनीतिक भूल करार दिया। इसलिए वह अब घर वापसी कर रहे हैं।
वेरका ने मीडिया के सामने खुलासा किया कि उन्हें भाजपा में घुटन महसूस हो रही थी। उन्हें मान-सम्मान भी हासिल नहीं हुआ। पार्टी का उनके प्रति भेदभाव पूर्ण रवैया रहा है। भाजपा अपने सभी नेताओं को एक बराबर नहीं मानती है। भाजपा अपने नेताओं को एक निगाह से नहीं देखती है।
राजकुमार ने कहा कि भाजपा सभी को साथ लेकर नहीं चलती है, सबका साथ, सबका विकास झूठा नारा है। भाजपा दिखावा करने वाली पार्टी है। जबकि कांग्रेस सभी धर्मों सभी लोगो का बराबर सम्मान करती है। डॉ. राजकुमार ने माना कि उन्होंने दो अक्तूबर को कांग्रेस के पूर्व प्रधान राहुल गांधी के अमृतसर दौरे के बाद ही घर वापसी का फैसला लिया है। राजकुमार ने स्वीकारा कि इस संबंध में उनकी राहुल गांधी से भी बात हुई थी।
भाजपा के अमृतसर शहरी प्रधान पहुंचे मनाने
राजकुमार वेरका की ओर से अमृतसर में प्रेस कॉन्फ्रेंस 11 बजे आयोजित की गई थी। इससे पहले भाजपा के अमृतसर शहरी प्रधान हरविंदर सिंह संधू राजकुमार को मनाने उनके घर पहुंचे लेकिन 15 मिनट हुई बातचीत के बाद भी वह नहीं माने।