श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व के अवसर पर सुल्तानपुर लोधी आने वाले श्रद्धालुओं की बड़ी संख्या को देखते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह द्वारा विशेष ट्रेनें शुरू करने के आग्रह को रेल मंत्रालय ने स्वीकार कर लिया है। पहली नवंबर से सुल्तानपुर लोधी के लिए 14 विशेष ट्रेनें चलेंगी।
सरकारी प्रवक्ता ने बताया कि ये विशेष ट्रेनें और एक्सप्रेस श्रद्धालुओं को पंजाब और अन्य क्षेत्रों खासकर श्री नांदेड़ साहिब और श्री पटना साहिब से सुल्तानपुर लोधी लेकर जाएंगी। इससे पहले इसी महीने केंद्र ने राज्य सरकार के प्रस्ताव पर नई दिल्ली और सुल्तानपुर लोधी के बीच विशेष एक्सप्रेस रेलगाड़ी चलाने का एलान किया था। प्रवक्ता ने बताया कि नवंबर में होने वाले ऐतिहासिक समागमों से पहले रेलवे द्वारा सुल्तानपुर लोधी रेलवे स्टेशन को अपग्रेड करने का काम मुकम्मल हो जाएगा।