ट्रेन में सफर करने वाले यात्री जरा ध्यान दें। आज 6 घंटे तक रेल सेवाएं बाधित रहेंगी। ट्रेन संबंधी कोई भी जानकारी अपडेट नहीं होगी। इसलिए आज की रात सफर करने जा रहे हैं तो ट्रेन और टिकट संबंधी जानकारी दिन में ही ले लें।
यदि आपने लापरवाही बरती तो सफर में परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। क्योंकि 28 जून को दिल्ली का पीआरएस (पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम) करीब 5 घंटे 40 मिनट तक बंद रहेगा।
इस दौरान आईटी इंजीनियर अपग्रेडेशन का काम करेंगे। पीआरएस बंद होने से नार्दर्न रेलवे के सभी सिस्टम काम करना बंद कर देंगे। इससे यात्रियों को ट्रेन और टिकट संबंधी किसी तरह की कोई जानकारी नहीं मिलेगी।
28 की रात 10 बजे बंद होगा पीआरएस
दिल्ली बड़ौदा हाउस के अधिकारियों ने बताया कि 28 जून की रात करीब 10 बजे पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम बंद होगा, जो 29 जून की सुबह 3.40 बजे शुरू होगा। इस दौरान पीआरएस सिस्टम को अपग्रेड किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि यह एक रुटीन वर्क है।
ये सेवाएं रहेंगी बाधित
पीआरएस बंद होने से यात्रियों को पीएनआर स्टेट्स, ट्रेनों का रनिंग स्टेट्स, अनारक्षित टिकट, करंट टिकट और टिकटों की रिजर्वेशन जैसे सुविधा नहीं मिल सकेगी। यात्रियों को रेलवे की नेशनल इंक्वायरी पर भी ट्रेनों की जानकारी, स्टेशन पर लगी टच स्क्रीन आदि पर भी रेल संबंधी जानकारी नहीं मिलेगी। इंटरनेट के जरिए घर बैठे टिकटों की बुकिंग करने वालों को भी दिक्कत का सामना करना पड़ेगा।