सिद्धू मूसेवाला और नवजोत सिंह सिद्धू।
- फोटो : एएनआई
कांग्रेस में शामिल होने के बाद पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला ने राहुल गांधी से मुलाकात की। इस मुलाकात पर पंजाब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा कि सिद्धू मूसेवाला राहुल गांधी से आशीर्वाद लेने आए थे। उन्होंने राहुल गांधी को अपना विजन बताया है कि वे पंजाब में लोगों की जिंदगी बेहतरी के लिए बदलना चाहते हैं। राहुल गांधी ने सिद्धू मूसेवाला को बहुत सराहा है।
इससे पहले पंजाब के मुख्यमंत्री चन्नी ने कहा, एक प्रसिद्ध गीत है ‘बोले नी बबीहा बोले..’ तो अब कांग्रेस में मूसेवाला का बबीहा बोलेगा। ये लोगों के दिलों को जानता है, लोगों की भावनाओं को जानता है, इसलिए हमें विश्वास है कि वे कांग्रेस में आकर अब युवाओं के साथ मिलकर पंजाब में एक क्रांति लेकर आएंगे। नवजोत सिंह सिद्धू ने कहा, संगीत की असीम प्रतिभा के साथ मूसेवाला अपने माता-पिता के रास्ते पर चलते हुए मानवता की तन-मन से सेवा करेंगे।
चार साल पहले शुरू किया था गायकी का कैरियर
मूसेवाला ने कहा, चार साल पहले गायकी में अपना कैरियर शुरू किया था। ईश्वर की कृपा से लोगों का इतना प्यार मिला कि देश में ही नहीं बल्कि, विदेश में भी सराहना मिली। अब चार साल बाद मैं एक नया कदम उठाने जा रहा हूं। सिस्टम बदलने के लिए सिस्टम का हिस्सा बनना जरूरी है।
मानसा से कांग्रेस के प्रत्याशी हो सकते हैं
कांग्रेस मूसेवाला को आगामी विधानसभा चुनाव में मानसा से अपना उम्मीदवार घोषित कर सकती है। कांग्रेस में शामिल होने के बाद मूसेवाला ने सिद्धू, हरीश चौधरी व राजा वड़िंग के साथ राहुल गांधी से मुलाकात की। हालांकि इस मुलाकात के दौरान कोई घोषणा तो नहीं की गई लेकिन मूसेवाला और राहुल गांधी की फोटो जारी कर कांग्रेस ने आगामी संभावनाओं के संकेत दे दिए हैं।