पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने शनिवार को विदेश मंत्री सुषमा स्वराज को फोन करके कुवैत में गिरफ्तार पंजाबियों की सुरक्षा यकीनी बनाने के लिए कहा है।
पंजाब के 25 युवकों को वीरवार को हुए एक झगड़े के बाद पुलिस ने हिरासत में ले लिया था। सुषमा ने बादल को हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।
टेलीफोन पर हुई बातचीत के दौरान बादल ने स्वराज से कहा कि कुवैत में गिरफ्तार युवक बहुत ज्यादा मानसिक पीड़ा और परेशानी के दौर से गुजर रहे हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा यकीनी बनाने के लिए केंद्र को सीधे तौर पर दखल देते हुए अभी से ही सारे राजदूतक चैनल प्रयोग करने चाहिए।
बादल ने सुषमा से कहा कि विदेशों में रह रहे लोगों की सहायता करना राज्य सरकार के अधिकार क्षेत्र से बाहर है। ऐसे में पंजाब केंद्र को अपील करता है कि वह वहां लोगों के जीवन क ो बचाने के लिए शीघ्र कार्रवाई करे।
सुषमा ने मुख्यमंत्री को बताया कि वह निजी तौर पर स्थिति पर नजर रख रहीं हैं। उन्होंने पहले ही विदेशी मामलों के सचिव (खाड़ी मामले) को कुवैत के विदेश मंत्रालय के साथ निकटतम संबंध बना कर रखने के लिए कहा है, ताकि नजरबंद पंजाबियों की सुरक्षा यकीनी बनाई जा सके।
बता दें कि कुवैत में हत्या के आरोप में 25 पंजाबी युवकों को गिरफ्तार किया गया है। युवकों ने एक वीडियो संदेश में कहा है कि कुवैत की फैक्ट्री में काम करने वाले भारतीय और मिस्र के नागरिकों के बीच झगड़ा हो गया था, जिसमें दो मिस्री नागरिकों की मौत हो गई।