हरियाणा के पंचकूला में सेक्टर-19 में दूषित पानी की वजह से शनिवार की सुबह एक महिला की मौत हो गईं। वहीं दो मरीज मुन्ना यादव और बसंत देवी की हालत गंभीर होने पर पीजीआई रेफर कर दिया गया।
शुक्रवार को इस मामले की शिकायत मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी हरकत में आए उसके बावजूद एक 70 वर्षीय महिला शशी बाला को बचाने में नाकाम रहे। जानकारी के अनुसार महिला को सुबह दस्त और उल्टियां शुरू होने के बाद पड़ोसियों ने सेक्टर 19 की डिस्पेंसरी में दाखिल करवाया, लेकिन महिला की स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने जनरल अस्पताल रेफर कर दिया।
अस्पताल पहुंचने के बाद महिला को मृत घोषित कर दिया गया। शनिवार को डायरिया के 90 मामले सामने आने के बाद पीड़ितों की संख्या करीब 200 तक पहुंच चुकी है। इससे भी गंभीर बीमारी कॉलरा ने पिछले दो दिनों में छह लोगों को अपनी चपेट में ले लिया है।
डायरिया और कॉलरा से पीड़ित मरीजों का डिस्पेंसरी और जनरल अस्पताल में आने का सिलसिला देर शाम तक जारी रहा, लेकिन दूषित पानी की समस्या का हल अभी तक हुडा के अधिकारी ढूंढ नहीं पाए हैं। इस महामारी को लेकर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने लोगों को एलर्ट कर दिया है।
विभाग की टीम द्वारा क्लोरीन की गोलियां और ओआरएस के पैकेट लोगों को घर-घर जाकर बटवाया गया है, साथ ही सेक्टर वासियों को विभाग की ओर से पानी उबाकर पीने का भी नसीहत दी गई है।
अब तक डायरिया और कॉलरा के मामले
सेक्टर-19 में दूषित पानी पीने की वजह से पिछले दो दिनों में डायरिया और कॉलरा से पीड़ित मरीजों के आंकड़ों पर गौर किया जाए तो डायरिया के अब तक करीब 190 और कॉलरा के छह मामले सामने आए हैं।