पंजाब में आज हुए बड़े आतंकी हमले की शुरुआत गुरदासपुर नहीं, कपूरथला से हुई थी। सुबह साढ़े पांच बजे दीनानगर बस स्टैंड से पहले हाईवे पर आतंकियों की ओर से हाईजेक की कार कपूरथला की है।
आतंकियों ने कपूरथला में युवक पर अंधाधुंध फायरिंग करके मारुति-800 कार छीनी। युवक पूर्व हवलदार का बेटा बताया जा रहा है। उस समय कार में सवार लोग घायल हो गए, जिन्हें दीनानगर के किरन अस्पताल में भर्ती कराया गया है। कार कपूरथला से संबंधित होने पर जिला पुलिस भी परिवार को तलाशने में जुट गई है।
एसएसपी ने एक विशेष पुलिस टीम गठित करके जांच पड़ताल के आदेश दे दिए हैं। उधर, सुल्तानुपर लोधी रोड पर दाना मंडी के सामने स्थित थाना सदर के क्वार्टरों में आस-पड़ोस में रहने वालों का तांता लग गया।
यह है कार की डिटेल
आतंकियों ने जो मारुति-800 कार (पीबी-09बी-7743) छीनी है, वह 1997 माडल की है। परिवहन कार्यालय से मिली जानकारी के अनुसार 1997 में यह कार सहाय इंटरप्राइजेज कपूरथला के नाम पर पंजीकृत हुई। फिर सन 2000 में कार सुरिंदर धूपड़ पुत्र हरभजन धूपड़ निवासी गांव दयालपुर कपूरथला ने खरीद ली।
सन 2010 में पूर्व हवलदार रूप सिंह के बेटे कमलप्रीत सिंह निवासी बी-24/38/15, थाना सदर क्वार्टर कपूरथला ने अपने नाम पर परिवहन विभाग में पंजीकृत करवा ली थी। वर्तमान में कार कमलप्रीत कौर के नाम पर ही विभाग में पंजीकृत है। थाना सदर क्वार्टर का दौरा किया तो वहां पर आसपास के लोग पहले से ही जमा थे।
सीआईडी इंस्पेक्टर सोमनाथ ने बताया कि हवलदार रूप सिंह की दस साल पूर्व मौत हो गई थी। उसकी पत्नी जसविंदर कौर हेल्थ विभाग के अंतर्गत शेखूपुर स्थित डिस्पेंसरी में कार्यरत थी।
कार मालिक की तलाश में जुटी पुलिस
रूप सिंह की मौत के बाद भी जसविंदर कौर अपने बेटे कमलप्रीत सिंह व अन्य पारिवारिक सदस्यों के साथ चार साल तक क्वार्टरों में रही। उन्होंने बताया कि जो पता परिवहन विभाग में दर्ज है, वह क्वार्टरों के क्रम में नहीं है। रूप सिंह का परिवार 94 नंबर क्वार्टर में रहता था। उसके कुछ समय बाद वह दो-चार इमारतें छोड़कर अलग क्वार्टर में रहने लग गए थे।
2009 में जसविंदर कौर अपने परिवार के साथ संतपुरा कपूरथला में रहने लग गई। रिटायरमेंट के बाद जसविंदर कौर टांडा में स्थित अपने पैतृक गांव कल्याणपुर में चले गए थे। उसके बाद से यहां पर उनका कभी आना-जाना नहीं हुआ। जिला कपूरथला से कार संबंधित होने के चलते जिला पुलिस हरकत में आ गई है।
कार व कार मालिक के परिवार की तलाश को लेकर पुलिस ने अपने स्तर पर जांच शुरू कर दी है। एसएसपी आशीष चौधरी ने बताया कि एक विशेष पुलिस टीम का गठन करके मामले की तह तक पहुंचने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।