शिक्षा मंत्री से मिले समग्र और मिड डे मील दफ्तरी मुलाजिम
पंजाब में सर्व शिक्षा अभियान समग्र और मिड डे मील दफ्तरी मुलाजिमों के शिष्टमंडल ने गुरुवार को पंजाब भवन में शिक्षा मंत्री गुरमीत सिंह मीत हेयर से मुलाकात की। इस मीटिंग के दौरान शिष्टमंडल ने कच्चे मुलाजिमों को नियमित करने के अलावा वेतन कटौती, दूरदूराज के इलाकों में ड्यूटी पर तैनाती और छठे वेतन आयोग को लागू करने की मांग रखी।
शिक्षा मंत्री ने मुलाजिमों की मांगों को ध्यान से सुना और जल्द ही मांगों को हल करने का भरोसा दिया। यूनियन के नेता रजिंदर सिंह संधा, कुलदीप सिंह और दविंदरजीत सिंह ने बाद में बताया कि दफ्तरी कर्मचारियों के साथ लंबे समय से भेदभाव हो रहा है। सरकार ने 1 अप्रैल, 2018 को शिक्षकों को नियमित तो कर दिया था लेकिन दफ्तरी कर्मचारियों को उसमें पूरी तरह अनदेखा कर दिया गया।
कांग्रेस सरकार के समय सरकार ने इन कर्मचारियों का तकरीबन 5 हजार रुपये प्रति महीना वेतन भी काट लिया था और कर्मचारियों को दूरदराज इलाकों में तैनात कर दिया था। इससे कर्मचारियों को मानसिक और वित्तीय नुकसान झेलना पड़ रहा है। शिक्षा मंत्री के साथ विस्तार से बातचीत की गई और शिक्षा मंत्री की तरफ से भी भरोसा दिया गया कि सरकार कर्मचारियों को नियमित करने की नीति पर काम कर रही है। शिक्षा मंत्री ने कहा कि विभागीय मसले- वेतन कटौती और दूरदराज ड्यूटियों का मामला तुरंत हल किया जाएगा।