पंजाबी यूनिवर्सिटी पटियाला में वीरवार को फीस बढ़ोतरी और अन्य मांगों को लेकर रोष प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर पुलिस द्वारा किए लाठीचार्ज के विरोध में पंजाब यूथ कांग्रेस की महासचिव पूनम कांगड़ा के नेतृत्व में यूथ कांग्रेसियों ने रोष प्रदर्शन किया।
उन्होंने प्रदेश सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। पूनम कांगड़ा ने कहा कि अकाली-भाजपा गठबंधन के राज में नौजवानों पर जुल्म हो रहे हैं। यूनिवर्सिटी में अपने हकों के लिए शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन कर रहे विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज किया गया। ऐसा करके सरकार नौजवानों को दबा नहीं सकती।
विद्यार्थियों को फीसों, बसों में मुफ्त सुविधा जैसी मांगों को लेकर संघर्ष करना पड़ रहा है। दूसरी तरफ पढ़े लिखे नौजवानों को रोजगार देने के बजाय सरकार उनपर अत्याचार कर रही है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों पर लाठीचार्ज करने वाले पुलिस अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
इस मौके पर कांग्रेस के स्पोर्ट्स एंड कल्चरल सेल के प्रांतीय सीनियर वाइस चेयरमैन दर्शन सिंह कांगड़ा, विजय राणा, शक्तिजीत सिंह, रूप सिंह धालीवाल, विनोद कोहरियां, लखविंदर सिंह, रवि कुमार, रुस्तम लोट, आशा रानी, सुरिंदर कौर, जसवीर कौर, नरेश कुमार मौजूद थे।