पंजाब में कोरोना संक्रमण को लेकर बरती जा रही लापरवाही भारी पड़ने वाली है। लोगों की लापरवाही का आलम यह है कि अभी तक महज 44 प्रतिशत लोगों ने ही कोरोना की दूसरी खुराक ली है, जबकि 84 प्रतिशत लोग पहली खुराक ले चुके हैं। पंजाब सरकार भी टीकाकरण की इस दर को लेकर काफी चिंतित है।
अब सरकार टीकाकरण को गति देने के लिए घर-घर पहुंचने की मुहिम शुरू करने जा रही है। पंजाब के स्वास्थ्य मंत्रालय की जिम्मेदारी देख रहे उपमुख्यमंत्री ओम प्रकाश सोनी कोरोना की संभावित तीसरी लहर के मद्देनजर राज्य में टेस्टिंग और टीकाकरण में और तेजी लाने के आदेश दे चुके हैं। संभावित लहर के मद्देनजर एल 1 और एल 2 श्रेणी के 7840 बिस्तर और एल 3 श्रेणी के 977 बिस्तर तैयार किए जा चुके हैं।
इसके अलावा 70 के करीब स्वास्थ्य संस्थाओं में ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किए गए हैं, जिनकी टेस्टिंग सफल हो चुकी है। साथ ही पंजाब सरकार द्वारा हर घर दस्तक मुहिम भी शुरू की है। अब तक इस मुहिम के तहत 12,05,069 घरों का दौरा किया जा चुका है। टीकाकरण के गिरते स्तर को लेकर अब पंजाब सरकार ने इस मुहिम में तेजी लाने का स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिया है। कुछ जिलों में इस मुहिम का अच्छा रिस्पांस मिल रहा है।
24 घंटे में रिकॉर्ड 167 नए संक्रमित मिले
पंजाब में लगातार संक्रमितों की संख्या में इजाफा हो रहा है। बीते 24 घंटों में रिकॉर्ड 167 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। संक्रमण दर भी बढ़कर 1.10 प्रतिशत पहुंच गई है। सबसे अधिक पठानकोट में 46 नए संक्रमित मिले हैं। पटियाला में 39, मोहाली में 18, लुधियाना में 17, जालंधर में 12, कपूरथला में 9, बठिंडा में 7, गुरदासपुर में 6, फतेहगढ़ साहिब में 3, दो जिलों में 2-2 और छह जिलों में 1-1 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं।