फिरोजपुर में दो हजार को सुरक्षित जगह पहुंचाया, गुरदासपुर में बांध में दरार
फिरोजपुर के डिप्टी कमिश्नर राजेश धीमान और शहरी हलके के विधायक रणबीर सिंह भुल्लर ने बताया कि विभिन्न गांवों से दो हजार ग्रामीणों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। सेना, बीएसएफ, एनडीआरएफ व अन्य संस्थाएं युद्धस्तर पर राहत कार्य में जुटी हैं। सात मोटर बोट लगाई गई हैं। वहीं, गुरदासपुर के डीसी डाॅ. हिमांशु अग्रवाल ने बताया कि धुस्सी बांध में पड़ी दरार को भरा जा रहा है। गांव जगतपुर कलां में लोगों तक राहत सामग्री पहुंचाई गई है।
तरनतारन में तटबंध टूटा, फाजिल्का में ढाणियां डूबीं
ब्यास व सतलुज के संगम स्थल हरिके पत्तन हेडवर्क्स से 2.61 लाख क्यूसिक पानी छोड़े जाने से गांव घडुम के पास धुस्सी बांध का तटबंध टूट गया। इसकी मरम्मत का काम चल रहा है। फाजिल्का में सतलुज किनारे पांच ढाणियां दोना नानका, गुलाबा, रेते वाली भैणी, वल्लेशाह, मुहार जमशेर और कावांवाली बाढ़ की चपेट में आ गई हैं। लोगों ने सामान घर की छतों पर रख दिया है।
बाढ़ में बचाव कार्य में जुटे शिक्षामंत्री को जहरीले सांप ने काटा
पंजाब में बाढ़ के दौरान बचाव कार्य में जुटे शिक्षामंत्री हरजोत सिंह बैंस को जहरीले सांप ने काट लिया था। वे अस्पताल में भर्ती थे लेकिन अब वह ठीक हैं। यह जानकारी खुद शिक्षामंत्री हरजोत बैंस ने सोशल मीडिया पर पोस्ट डालकर दी। उन्होंने बताया कि बाढ़ के दौरान वह अपने विधानसभा हलका श्री आनंदपुर साहिब में लोगों के साथ बचाव कार्य में जुटे हुए थे। इसी दौरान उन्हें एक जहरीले सांप ने पैर में काट लिया। इसके बावजूद वह अपने कार्य में जुटे रहे। सांप उनकी हिम्मत नहीं तोड़ पाया था। उन्होंने नियमित अपना काम किया। उन्होंने कहा कि भगवान की कृपा और लोगों के प्यार और आशीर्वाद से अब मैं ठीक हूं। जहर का असर भी कम हो गया। मेरे खून की जांच भी सामान्य आई है। वहीं, अब बाढ़ की स्थिति से भी हलके का सुधार हुआ है। उन्होंने आखिर में लिखा है कि भगवान सब पर मेहर करें।