फिरोजपुर में 50 गांव बाढ़ से प्रभावित हैं। लोग घर छोड़कर सुरक्षित जगहों पर पहुंच गए हैं। ग्रामीणों की मदद के लिए सेना और एनडीआरएफ बुलाई गई है। ग्रामीणों को राहत कैंपों में पहुंचने की अपील की जा रही है। ग्रामीणों के कहने पर जिला प्रशासन ने हुसैनीवाला हेड के गेट खुलवाए हैं। होशियारपुर के मंड क्षेत्र में काफी नुकसान हुआ है। यहां भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुनील जाखड़ शुक्रवार को जायजा लेने पहुंचे। वहीं, मौसम विभाग ने शनिवार से 23 अगस्त तक मौसम के शुष्क रहने की भविष्यवाणी की है। कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है।
मोगा में तीन गांवों के लोगों को राहत शिविरों में भेजा
कस्बा धर्मकोट के कुछ गांवों में पानी घुस गया है। यहां तीन गांवों संघेड़ा, कंबू खुर्द और मेहरू वाला के लोगों को राहत शिविरों में भेजा गया है। यहां 300 के ऊपर परिवार रहते हैं।
श्री आनंदपुर साहिब के नजदीकी गांवों का संपर्क टूटा
रूपनगर में सतलुज के किनारे बसे दर्जनों गांवों में पानी घुस गया है। गांव हरसा बेला, बेला धियानी, शिव सिंह बेला, तरफ मजारी, भनाम का संपर्क आनंदपुर साहिब से टूट गया है।