फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Punjab Election Results 2022: सारे प्रयास फेल, पंजाब को फिर रास नहीं आई भाजपा, महज दो सीटों पर मिली जीत

Thu, 10 Mar 2022 09:08 PM IST
निवेदिता वर्मा न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़

सार

पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने पठानकोट में कांग्रेस के अमित विज को हरा दिया। अश्वनी शर्मा को 43132 वोट और कांग्रेस प्रत्याशी को 35373 वोट प्राप्त हुए। पार्टी को दूसरी सीट मुकेरियां की मिली है।
विज्ञापन
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। - फोटो : फाइल
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

भारतीय जनता पार्टी को एक बार फिर पंजाब रास नहीं आया। मात्र दो सीटों पर ही पार्टी प्रत्याशी विजय हासिल कर पाए। हालांकि पंजाब को साधने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित 12 केंद्रीय मंत्री, दो भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री सहित कई दिग्गज भाजपा के नेताओं ने चुनाव प्रचार किया था। पार्टी के रणनीतिकारों की प्रत्याशियों को हिंदू वोटरों के ध्रुवीकरण होने का लाभ मिलने की उम्मीद धरी की धरी रह गई।

विज्ञापन


हालांकि भाजपा की ओर से विधानसभा चुनाव में अपनी उपस्थिति दर्ज कराने में कोई कसर नहीं छोड़ी गई। भाजपा को उम्मीद थी कि वह पंजाब विधानसभा चुनाव में किंगमेकर की भूमिका निभाएगी, लेकिन पार्टी के मात्र दो प्रत्याशी ही जीत दर्ज कर पाए। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी शर्मा ने पठानकोट में कांग्रेस के अमित विज को हरा दिया। अश्वनी शर्मा को 43132 वोट और कांग्रेस प्रत्याशी को 35373 वोट प्राप्त हुए। पार्टी को दूसरी सीट मुकेरियां की मिली है। इस सीट पर भाजपा प्रत्याशी जंगीलाल महाजन 41044 वोट हासिल कर पहले स्थान पर रहे, जबकि आप के गुरध्यान सिंह मुल्तानी को 38353 वोट मिले हैं। तीसरे नंबर पर कांग्रेस की इंदुबाला को 28989 मत प्राप्त हुए हैं। 

हाल ही में केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह और पार्टी अध्यक्ष जेपी नड्डा ने दावा किया था कि पार्टी पंजाब में बेहतर करेगी और पंजाब में सरकार बनाने में भाजपा की महत्वपूर्ण भूमिका की उम्मीद कर रही थी। भगवा पार्टी शहरी क्षेत्रों में हिंदू वोटों के ध्रुवीकरण पर भरोसा कर रही थी, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। वर्तमान में पार्टी का वोट शेयर लगभग 6.61 प्रतिशत है, जो 2017 से अधिक नहीं है। पांच साल पहले, जब पार्टी ने शिअद के साथ गठबंधन सहयोगी के रूप में सिर्फ 23 सीटों पर चुनाव लड़ा था, तब उसे 5.43 प्रतिशत वोट मिले थे और तीन सीटों पर जीत मिली थी। यह पहली बार था जब भाजपा 117 में से 73 सीटों पर चुनाव लड़ रही थी और बाकी गठबंधन सहयोगी पंजाब लोक कांग्रेस और शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) ने चुनाव लड़ा।

कभी नहीं रही मोदी लहर

पंजाब में चुनाव के दौरान कभी भी मोदी लहर नजर नहीं आई। 2014 से चुनाव दर चुनाव यह एक प्रवृत्ति रही है कि पंजाब में लोग मोदी लहर से प्रभावित नहीं हुए। 2022 के विधानसभा चुनाव में भी इसकी झलक दिखाई दी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा के अन्य दिग्गज पंजाब को प्रभावित करने में विफल रहे।

विज्ञापन

विपरीत परिस्थितियों के बावजूद कम समय में भाजपा का प्रदर्शन रहा अच्छा: जीवन गुप्ता

भारतीय जनता पार्टी पंजाब के प्रदेश महासचिव जीवन गुप्ता ने विधानसभा चुनाव में भाजपा को दिए गए जनादेश का स्वागत करते हुए आम आदमी पार्टी को जीत के लिए शुभकामनाएं दी। गुप्ता ने कहा कि पांच राज्यों में हुए चुनाव में भारतीय जनता पार्टी द्वारा पंजाब को छोड़ कर बाकी चार राज्यों में क्लीन स्वीप करते हुए प्रचंड बहुमत से दोबारा वापसी की गई है।

गुप्ता ने कहा कि पंजाब में भाजपा ने पहली बार अपने दम पर प्रदेश की 73 सीटों पर चुनाव लड़ा, लेकिन पिछले करीब डेढ़ साल से विपक्ष के इशारे पर किसान आंदोलन के चलते भाजपा कार्यकर्ता को बाहर निकलने नहीं दिया गया। हमारे नेताओं, कार्यकर्ताओं, कार्यक्रमों व कार्यालयों पर पुलिस की आंखों के सामने जान लेवा हमले किए गए। लेकिन पंजाब सरकार द्वारा कोई कार्रवाई नहीं की गई। इतना सब कुछ होने के बाद भी भाजपा कार्यकर्ताओं ने अपना हौसला नहीं हारा और किसान आंदोलन के खत्म होते ही चुनाव मैदान में डट गए। हालांकि फिर भी कई जगह भाजपा को विरोध का सामना करना पड़ा। इस सब के बावजूद जनता द्वारा भाजपा को अथाह समर्थन दिया गया। इसके लिए धन्यवाद।

जीवन गुप्ता ने कहा कि पंजाब में जनता द्वारा दिए गए बदलाव के जनादेश ने कांग्रेस व अकाली दल के कभी न हारने वाले नेताओं को भी इस बार नकार दिया गया है। हालांकि भाजपा को प्रदेश में दो सीटें ही मिल पाईं हैं, लेकिन भाजपा को वोट प्रतिशत का ग्राफ बढ़ा है और यह सब कार्यकर्ताओं की बहुत कम समय में अथक मेहनत का नतीजा है।
 
विज्ञापन

पंजाब में आप के आने से हालात और खराब होंगे : विज

हरियाणा के गृह एवं स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने कहा कि आम आदमी पार्टी ने दिल्ली में गली-गली शराब बेचने की महारत हासिल की है। उसी को सराहते हुए पंजाब के लोगों ने आप को वोट दिए हैं। पंजाब में नशे का बहुत ज्यादा कारोबार है। आप की जीत से पंजाब के हालात और ज्यादा खराब होंगे। विज ने यह प्रतिक्रिया पांच राज्यों के चुनाव नतीजों पर दी है। 

उन्होंने कहा कि पंजाब में आप के आने से अस्थिरता का माहौल बन सकता है। पंजाब के लोगों ने नीतियों के अनुसार लोगों ने वोट नहीं दिया है। विज ने चार राज्यों में भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में अच्छे नतीजे आने पर खुशी जताई। उन्होंने कहा कि जनता ने मोदी सरकार और भाजपा की नीतियों पर मुहर लगाई है।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें