नवजोत सिद्धू के साथ परगट सिंह।
- फोटो : फाइल फोटो
पंजाब कांग्रेस संगठन का खाका अब जालंधर के विधायक परगट सिंह खीचेंगे। कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू ने परगट सिंह को प्रदेश कांग्रेस का महासचिव नियुक्त किया है। सिद्धू ने सोमवार को ट्वीट कर यह जानकारी दी है। सियासी जानकारों के अनुसार, इसी के साथ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पुनर्गठन की शुरुआत हो गई है।
भारतीय हॉकी टीम के पूर्व कप्तान परगट सिंह को सिद्धू के काफी करीबी और कैप्टन के विरोधी माने जाते हैं। परगट सिंह को महासचिव नियुक्त किए जाने के पत्र में लिखा है कि राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल और पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश रावत की स्वीकृति के बाद परगट सिंह को तत्काल प्रभाव से पंजाब कांग्रेस कमेटी का महासचिव (संगठन) नियुक्त किया है।
हाल ही में नवजोत सिंह सिद्धू ने चार सलाहकार नियुक्त किए थे। हालांकि उनमें से पूर्व डीजीपी मोहम्मद मुस्तफा ने सिद्धू का ऑफर ठुकरा दिया था। अब सिद्धू ने परगट सिंह को महासचिव नियुक्त किया है। सिद्धू द्वारा जारी किए गए पत्र में लिखा है कि राष्ट्रीय कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल और पंजाब कांग्रेस के प्रभारी हरीश रावत की स्वीकृति के बाद परगट सिंह को तत्काल प्रभाव से पंजाब कांग्रेस कमेटी का महासचिव (संगठन) नियुक्त किया है।
सिद्धू ने निभाई दोस्ती
2017 में भाजपा छोड़ने के बाद जब नवजोत सिंह सिद्धू ने आवाज-ए-पंजाब मोर्चा बनाया था तब भी जालंधर के विधायक और हॉकी खिलाड़ी परगट सिंह ने सिद्धू का साथ दिया था। अब सिद्धू कांग्रेस के प्रधान बन गए हैं तो उन्होंने परगट को संगठन में महासचिव की जिम्मेदारी देकर एक बार फिर दोस्ती निभाई है। सिद्धू का यह फैसला पंजाब की सियासत के लिहाज से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि परगट ने मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह का खुलकर विरोध किया था।
कैप्टन के खिलाफ क्या बोले थे परगट
सिद्धू से विवाद के बाद परगट लगातार कैप्टन पर हमलावर बने हुए हैं। कैप्टन के विरोध में परगट ने कहा था कि कैप्टन अमरिंदर सिंह की अगुवाई में कांग्रेस 2022 में होने वाला विधानसभा चुनाव नहीं जीत पाएगी। सिद्धू के बाद जालंधर से विधायक परगट सिंह ने बेअदबी से लेकर नशे के मुद्दे को लेकर भी कैप्टन पर निशाना साधा था।
संधू पर लगाया था धमकाने का आरोप
परगट सिंह ने पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह के राजनीति सलाहकार (ओएसडी) कैप्टन संदीप संधू पर धमकाने का भी आरोप लगाया था। उन्होंने कहा था कि धार्मिक ग्रंथ की बेअदबी की घटना पर राज्य सरकार से सवाल करने के बाद उन्हें धमकी दी गई है। इस आरोप से परगट ने सबको चौंका दिया था।