पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने आम आदमी पार्टी के संयोजक अरविंद केजरीवाल पर मानहानि का केस करने के लिए पार्टी से मंजूरी मांगी है। सीएम चन्नी ने कहा कि मंजूरी आते ही वह अरविंद केजरीवाल पर केस दायर करेंगे। सीएम चरणजीत सिंह चन्नी ने श्री चमकौर साहिब के जगदीप पैलेस से चुनावी मुहिम की शुरुआत करने के लिए श्री अखंड पाठ साहिब शुरू करवाए और पत्रकारों से बात में कहा कि हर बात की कोई मर्यादा होती है। जबकि अरविंद केजरीवाल कई बार मर्यादा पार कर चुके हैं और कई नेताओं से माफी भी मांग चुके हैं।
उन्होंने कहा कि केजरीवाल की आदत है कि चुनाव से पहले नेताओं पर बड़े-बड़े आरोप लगाना और चुनाव के बाद माफी मांगकर चले जाना है। नितिन गडकरी, अरुण जेटली और बिक्रम मजीठिया से केजरीवाल माफी मांग चुके हैं। उन्होंने कहा कि राजनीति में भी कोई मर्यादा होती है, जबकि बिना मतलब से आरोप लगाना कहां तक चलेगा। वह नहीं चाहते कि मुख्यमंत्री के ओहदे पर काम कर रहा कोई व्यक्ति उनसे माफी मांगे लेकिन केजरीवाल हर मर्यादा को पार कर रहे हैं।
सीएम चन्नी ने कहा कि केजरीवाल पहले भी काले अंग्रेज वाले बयान पर गलत शब्दावली का प्रयोग कर चुके हैं। उन्होंने कहा कि ईडी की ओर से पकड़े गए पैसे से उनका कोई लेना-देना नहीं है, जबकि केजरीवाल उनकी फोटो पैसों के साथ लगाकर उन्हें बेईमान बता रहे हैं। जबकि केजरीवाल का भतीजा 130 करोड़ रुपये के साथ पकड़ा गया था तो उसके साथ अपनी फोटो लगाकर अपने आप को बेईमान क्यों नहीं बताया।
‘गलती हुई कि रिश्तेदारों पर नजर नहीं रख सका’
चन्नी ने कहा कि यह उनकी गलती हो सकती है कि वह अपने रिश्तेदारों पर नजर नहीं रख सके लेकिन इस पैसे को उनके साथ नहीं जोड़ा जाना चाहिए। पंजाब में 10 जगहों पर रेड हुई है और उनके पास से कोई पैसे नहीं बरामद हुए हैं। उन्होंने कहा कि अगर उनके किसी पारिवारिक सदस्य से पैसे मिले हों तो उन्हें फांसी दे दी जाए और वह चुनाव भी नहीं लड़ेंगे।
उन्होंने पार्टी से अरविंद केजरीवाल पर मानहानि का केस करने के लिए मंजूरी मांगी है और वह इस बार यह केस मजबूरन कर रहे हैं, क्योंकि केजरीवाल ने उन्हें बेईमान कहा है। चन्नी ने कहा कि उनके पास इतने पैसे नहीं हैं कि सारे पंजाब में होर्डिंग बोर्ड लगाए जा सकें। जबकि केजरीवाल के 200 करोड़ रुपये के सारे पंजाब में होर्डिंग लगे है और आम आदमी पार्टी की ओर से विज्ञापन पर खूब पैसे खर्चे जा रहे हैं, ये पैसे कहां से आ रहे हैं। गोवा और उत्तराखंड में भी केजरीवाल के लग रहे होर्डिंग के लिए पैसे कहां से आ रहे हैं।
उन्होंने केजरीवाल से कहा कि झूठ की बुनियाद पर चुनाव न लड़ा जाए। सीएम चन्नी ने भगवंत के लिए आई कॉल्स को भी फेक बताया और कहा कि झूठ बोलकर लोगों को गुमराह किया जा रहा है। उन्होंने भगवंत मान के बारे में कहा कि शराब छोड़कर भगत सिंह नहीं बना जा सकता। उन्होंने मां की सौगंध खाकर भी शराब नहीं छोड़ी। जब बिक्रम सिंह मजीठिया से केजरीवाल ने माफी मांगी थी तो भगवंत मान ने इस्तीफा दिया था। वह बताएं कि आज क्या केजरीवाल का एफिडेविट सही हो गया।