हम भी बाज की नजर रखते हैं और पड़ोसी देश के मंसूबों को सफल नहीं होने देते। मान ने कहा कि शहीदों और पीर फकीरों की इस धरती पर वे प्रधानमंत्री का स्वागत करते हैं। यहां पंजाब की जो जनता एकत्रित हुई है, वह विकास की इच्छा दिल में संजोए हुए बैठी है। आपने जो अस्पताल देश को समर्पित किया है यह बहुत बड़ा तोहफा है।
हम आंखें बिछाकर बैठे हैं: भगवंत मान
मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि प्रधानमंत्री जब गत पांच जनवरी को आए थे तब जो भी हुआ बुरा हुआ। पंजाबी मेजबानी के लिए जाने जाते हैं, आज हम उनके आगे आंखें बिछा रहे हैं। हम किस्मत वाले हैं कि आप आए। शिक्षा और स्वास्थ्य हमारी प्राथमिकता है लेकिन हमारे यहां के बच्चे आईलेट्स को भी डिग्री समझ बैठे। उन्हें यहीं रोजगार दे सकें यह हमारी इच्छा है। दारा सिंह, मिल्खा सिंह और बलबीर सिंह जैसे खिलाड़ी पंजाब की धरती पर जन्में हैं। लिहाजा हम चाहते हैं कि आगे भी पंजाब सेहतमंद रहे।
23 मिनट के सधे भाषण में केंद्र का विजन बता गए मोदी
केंद्र से आर्थिक मदद की दरकार कर रहे पंजाब को आज पूरी उम्मीद थी कि प्रधानमंत्री कैंसर अस्पताल के लोकार्पण समारोह में किसी पैकेज की घोषणा कर जाएंगे। उम्मीद यह भी थी कि चुनाव के समय पंजाब दौरे पर आए प्रधानमंत्री जब वापस चले गए थे तो चन्नी सरकार से नाराज थे लेकिन आज शायद वे पंजाब सरकार की मौजूदगी से खुश होकर कोई घोषणा कर दें लेकिन अपने सधे भाषण में प्रधानमंत्री ने कैंसर अस्पताल के अलावा सेहत और केंद्रीय योजनाओं पर फोकस किया। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार का क्या विजन है और सरकार किस तरह से देश की सेहत सुधारने के लिए काम कर रही है। पंजाब की धरती पर बना यह कैंसर अस्पताल उसी की बानगी है।