यूके के राजदूत एलेक्स एलिस के साथ मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यूके और पंजाब में एग्री-फूड प्रोसेसिंग सेक्टर जैसे पोल्ट्री, सूअर पालन, वैल्यू एडेड डेयरी उत्पादों, फलों के जूस कनसनटरेट मैन्युफैक्चरिंग, आलू की प्रोसेसिंग, फूड पैकेजिंग के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। ब्राजील के राजदूत केनेथ एच. दा नोबरेगा के साथ बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि ब्राजील की कंपनियों की तरफ से एग्रो फूड प्रोसेसिंग, नवीन और नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत, लॉजिस्टिकस, सूचना और प्रौद्योगिकी और रसायनों जैसे क्षेत्रों में निवेश की बड़ी संभावना है। उन्होंने कहा कि ब्राजील की कंपनियां राज्य में निवेश करके बहुत लाभ उठा सकती हैं क्योंकि राज्य में उपजाऊ जमीन के अलावा हुनरमंद और मेहनती मानव शक्ति उपलब्ध है जोकि उनके लिए बहुत लाभदायक सिद्ध हो सकती है।
स्पेन के राजदूत जोस मारिया रिदायो के साथ विचार-विमर्श के दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें बताया कि पंजाब बासमती चावल, बल्क ड्रग्गज, स्टील और लोहे के उत्पाद, ऑटो कंपोनेंट्स, सूती कपड़े, मेकअप और अन्य प्रमुख उत्पाद स्पेन को निर्यात करता है और इन निर्यातों का कुल मूल्य 510.35 करोड़ रुपये था। उन्होंने कहा कि एग्रो फूड प्रोसेसिंग, एरोस्पेस और रक्षा, ऊर्जा के नवीन और नवीकरणीय स्रोत, सूचना और प्रौद्योगिकी और ऑटो/ ऑटोमोबाइल कंपोनेंट्स के क्षेत्रों में निवेश की बड़ी संभावना है।
मलयेशिया के राजदूत दातो मुजफ्फर शाह मुस्तफा के साथ बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने उन्हें बताया कि पंजाब सबसे पसंदीदा पर्यटन स्थल के तौर पर उभरा है और राज्य सरकार पहले ही बड़े स्तर पर पर्यटन को उत्साहित कर रही है। उन्होंने कहा कि पंजाब और मलयेशिया के बीच रणनीतिक साझेदारी खासकर पर्यटन और विदेशी प्रवासी भारतीय समुदाय दोनों के लिए बहुत लाभदायक सिद्ध हो सकती है। राज्य में निर्माण, सूचना और प्रौद्यौगिकी, ऊर्जा और कृषि और फूड प्रोसेसिंग जैसे क्षेत्रों में भी निवेश की बड़ी संभावना है।
नीदरलैंड की राजदूत मेरी लुईसा गेराडज के साथ मुलाकात के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि यह जानकर खुशी हुई कि नीदरलैंड भारत में प्रत्यक्ष विदेशी निवेश (एफडीआई) में चौथा सबसे बड़ा देश है। उन्होंने कहा कि नीदरलैंड की कंपनियां पहले ही पंजाब में निवेश कर चुकी हैं और उन्होंने अक्तूबर 2023 में विविधा इंडस्ट्रियल पार्क राजपुरा में डी ह्यूज फैक्ट्री का नींव पत्थर रखने की रस्म भी अदा की थी।