कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच पंजाब में लोगों को अभी राहत नहीं मिलने वाली है। मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने सभी मौजूदा पाबंदियों को 31 मई तक बढ़ाने का आदेश दिया है। कैप्टन ने प्रतिबंधों को बेहद सख्ती से लागू करने को कहा है।
बता दें कि पंजाब में कोरोना से हालात बेहद खराब है। तमाम कोशिशों के बाद संक्रमण थमता नहीं दिख रहा है। शनिवार को रिकॉर्ड 217 संक्रमितों ने दम तोड़ दिया, जबकि 429 की हालत गंभीर बनी हुई है। 6,867 संक्रमण के नए मामले सामने आए हैं। अब तक राज्य में 11,693 संक्रमितों की मौत हो चुकी है।
पंजाब के स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य में अब तक 81,40,404 लोगों के नमूने लिए जा चुके हैं, जिनमें 49,0755 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आ चुकी है। अच्छी बात यह है कि 4,01,273 संक्रमित स्वास्थ्य लाभ लेकर ठीक हो चुके हैं। सक्रिय मामलों की संख्या 77,789 पहुंच चुकी है।
9,902 संक्रमितों को सांस लेने में परेशानी होने पर ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। शनिवार को अमृतसर में 26, बरनाला में 4, बठिंडा में 24, फरीदकोट में 5, फाजिल्का में 20, फिरोजपुर में 7, फतेहगढ़ साहिब में 3, गुरदासपुर में 12, होशियारपुर में 8, जालंधर में 11, लुधियाना में 18, कपूरथला में 5, मानसा में 3, मोहाली में 7, मुक्तसर में 14, पटियाला में 19, रोपड़ में 3, संगरूर में 15, एसबीएस नगर में 4 और तरनतारन में 5 मौतें हुई हैं।