पंजाब भाजपा अध्यक्ष अश्वनी शर्मा ने पार्टी मुख्यालय में कहा कि सूबे में आम आदमी पार्टी की सरकार कठपुतली सरकार है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल पंजाब में भगवंत मान को मुख्यमंत्री नहीं बल्कि अपनी कठपुतली बनाकर दिल्ली से शासन चला रहे हैं। केजरीवाल द्वारा पंजाब को हाईजैक करके भगवंत मान को सचमुच हंसी का पात्र बना दिया गया है।
अश्वनी शर्मा ने इस बात पर अफसोस जताते हुए कि पंजाब के चुनावी इतिहास में राज्य कभी भी किसी अन्य राज्य के मुख्यमंत्री के अधीन नहीं हुआ। राज्य में राजनीतिक दल और नौकरशाह ही शासन करते आए हैं और वो इसमें सक्षम हैं। पंजाब की नौकरशाही और आम आदमी पार्टी द्वारा चुने गए विधायक और मंत्रियों के लिए इतना अपमानजनक है कि दिल्ली के साथ ज्ञान समझौते पर हस्ताक्षर किए जा रहे हैं। शर्मा ने कहा कि इससे पूरे राज्य में प्रशासनिक कर्मचारियों का मनोबल टूट जाएगा। यदि नेता प्रशासनिक कर्मचारियों को उचित सम्मान नहीं देते हैं तो राज्य कुशलतापूर्वक से नहीं चलते हैं।
‘हिमाचल में ज्यादा समय बिता रहे मान’
अश्वनी शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की जोड़ी पड़ोसी राज्य हिमाचल प्रदेश में अधिक समय बिता रही है। पंजाब के प्रमुख मुद्दों को पंजाब सरकार द्वारा कोई प्राथमिकता नहीं दी जा रही है। पंजाब के बारे में भाजपा बहुत चिंतित है क्योंकि पंजाब एक सीमावर्ती राज्य है। इसके विकास के लिए भाजपा के पास विस्तृत प्लान है।