पंजाब में अप्रैल की गर्मी ने जून जैसा अहसास करा दिया है। लगातार बढ़ रही गर्मी से अगले पांच दिन तक राहत के आसार नहीं दिख रहे हैं। गुरुवार को राज्य का पटियाला जिला सबसे गर्म रहा। यहां का अधिकतम तापमान 45.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बढ़ती गर्मी में लोगों को दोपहर में घर में रहने की सलाह दी है।
चंडीगढ़ मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने बताया कि पंजाब और हरियाणा के कुछ हिस्सों में लगातार मौसम शुष्क रहने के कारण अगले पांच दिन तक अधिकतम तापमान 46 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है। कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण कुछ दिन में आसमान में आंशिक रूप से बादल छा सकते हैं और हरियाणा में धूल भरी आंधी और तेज हवाएं चल सकती हैं।
अन्य वर्षों की अपेक्षा इस साल का मार्च भी गर्म महीनों में दर्ज किया गया है। इस बार मार्च का अधिकतम तापमान अन्य वर्षों की तुलना में 6 से 7 डिग्री सेल्सियस अधिक रहा। अभी हालात सामान्य नहीं होते दिख रहे हैं।
प्रमुख जिलों का तापमान
- पटियाला 45.9
- मुक्तसर 44.4
- अमृतसर 44.0
- बरनाला 44.0
- लुधियाना 43.2
- बठिंडा 43.6
शुक्रवार को बिजली आपूर्ति में हो सकता सुधार
उधर, पंजाब में बिजली की किल्लत से मचा हाहाकार जल्दी ही थमने की उम्मीद जताई गई है। पावरकॉम अपने स्तर पर बिजली के उत्पादन में सुधार लाने के प्रयासों में जुट गया है। पंजाब स्टेट पावर कारपोरेशन लिमिटेड (पीएसपीसीएल) के सीएमडी बलदेव सरां ने कहा है कि तलवंडी थर्मल की 600 मेगावाट की इकाई और रोपड़ थर्मल की 210 मेगावाट इकाई में एक साथ खराबी आने के कारण बिजली की कमी हो गई थी।
सरां ने कहा कि गुरुवार को रोपड़ इकाई से उत्पादन शुरू होने से स्थिति में सुधार हो रहा है। तलवंडी साबो यूनिट में भी शुक्रवार सुबह से काम शुरु हो जाएगा। उन्होंने आगे कहा कि गर्म और शुष्क मौसम के कारण, अप्रैल के दौरान पंजाब की औसत बिजली की मांग इस बार पिछले वर्ष की तुलना में 30-35 प्रतिशत अधिक है और हम इसे पूरा करने पर काम कर रहे हैं।