पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने सूबे में आम आदमी पार्टी (आप) की सरकार के 50 दिन पूरे होने पर बड़े स्तर पर भर्ती मुहिम चलाने का एलान किया। इसके तहत उन्होंने योग्य उम्मीदवारों को उनकी शैक्षिक योग्यता के मुताबिक केवल मेरिट के आधार पर नौकरियां देने की प्रतिबद्धता दोहराई।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समूची भर्ती प्रक्रिया पारदर्शी और निष्पक्ष ढंग से पूरी की जाएगी। उन्होंने कहा कि बड़े स्तर पर चल रही भर्ती मुहिम में सिफारिश या रिश्वतखोरी को कोई जगह नहीं मिलेगी। एक वीडियो संदेश में मुख्यमंत्री ने कहा कि 25 विभिन्न विभागों में 26454 पदों के लिए भर्ती भ्रष्टाचार मुक्त और बिना किसी पक्षपात के होगी। राज्य सरकार ने पहले ही समाचार पत्रों में विस्तारपूर्वक विज्ञापन जारी कर दिया है, जिसमें शैक्षिक योग्यता के अनुसार आवेदन करने के इच्छुक उम्मीदवारों की सुविधा के लिए खाली पड़े पदों की संख्या, भर्ती एजेंसियां (पीपीएससी/एसएसएसबी/तीसरा पक्ष/विभाग) और भर्ती के विवरण जानने के लिए विभागीय वेबसाइटों के लिंक शामिल किए गए हैं।
युवाओं के लिए रोजगार के बेशुमार अवसरों का वादा करते हुए भगवंत मान ने कहा कि राज्य सरकार जल्द ही सरकारी एवं निजी क्षेत्रों में और नौकरियां भी लेकर आएगी, जिससे युवाओं को सम्मान के साथ जीवन व्यतीत करने के लिए आजीविका कमाने के लिए सक्षम बनाया जा सके। मुख्यमंत्री ने उनकी सरकार द्वारा किए जाने वाले कई और जन-समर्थक पहलों का भी जिक्र किया, जिनका एलान विधानसभा के बजट सत्र के दौरान पेश होने वाले वार्षिक आम बजट 2022-23 में किया जाएगा।