विधानसभा पहुंचे मंत्री कटारूचक्क और जौड़ामाजरा।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब विधानसभा के दो दिवसीय सत्र के दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू हो गई है। पंजाब सरकार ने एक नया कदम उठाने का फैसला किया है। अब तक राशन कार्ड आर्थिक आधार पर बनाए जाने की ही व्यवस्था थी लेकिन अब सामाजिक आधार पर भी राशन कार्ड बनाने की योजना तैयार की गई है। यह जानकारी खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री लाल चंद कटारूचक्क ने पंजाब विधानसभा में एक सवाल के जवाब में दी।
उन्होंने कहा कि करीब 1.57 करोड़ राशन कार्ड जारी किए गए हैं। ऐसे परिवारों के भी राशन कार्ड बनाए गए थे, जो बड़ी गाड़ियों से आते हैं। ऐसे लोगों का राशन कार्ड सरकार ने काट दिया है। मंत्री ने कहा कि अब सरकार सामाजिक आधार पर राशन कार्ड बनाने की योजना तैयार कर रही है, जिसमें कोरोना पीड़ित, एचआईवी, कैंसर पीड़ित परिवार शामिल होंगे।
यह भी पढ़ें: हाईकोर्ट की अहम टिप्पणी: प्लास्टिक और पॉलीथिन पर बिना विकल्प दिए रोक नहीं हो सकती कारगर, समाधान जरूरी
मार्च तक कोई स्कूल बिना शिक्षक नहीं रहेगा-बैंस
दूसरे दिन प्रश्नकाल के दौरान शिक्षा मंत्री हरजीत बैंस ने एक सवाल के जवाब में कहा कि मार्च 2024 तक पंजाब में कोई भी स्कूल बिना शिक्षक और एकल शिक्षक वाला नहीं रहेगा।
बैंस ने कहा कि पिछली सरकारों ने शिक्षा का स्तर ऊंचा उठाने के लिए कोई कदम नहीं उठाया। वर्तमान में 20 हजार स्कूलों की हालत खस्ता है, जिसे ठीक करने को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि स्कूलों की चाहरदीवारी के लिए बजट में 323 करोड़ रुपये रखे गए हैं, जिसमें से 290 करोड़ रुपये खर्च हो चुके हैं। इसके अलावा स्कूल ऑफ एमीनेंस शुरू किए गए हैं।