फिरोजपुर लोक सभा सीट से विजयी सुखबीर सिंह बादल के निर्वाचन को चुनौती देने वाली याचिका पर पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट ने सुखबीर बादल को 19 अक्तूबर के लिए नोटिस जारी कर जवाब मांग लिया है।
एक निर्दलीय उम्मीदवार कश्मीर सिंह ने एडवोकेट राजिंदर सिंह भट्टा के माध्यम से याचिका दायर कर कहा कि चुनाव के दौरान सुखबीर सिंह बादल ने न तो अपने चुनाव खर्च का पूरा ब्योरा दिया है, न ही अपने नामांकन में पूरी जानकारी दी है।
यहां तक कि उनके प्रचार के दौरान पूर्व मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल भी शामिल हुए थे और रैलियां की थीं, जिसके खर्च का कोई ब्योरा नहीं दिया गया। याचिकाकर्ता का आरोप है कि चुनाव के दौरान बादल समर्थकों ने कई जगह पर शराब और पैसे भी बांटे थे।
याचिकाकर्ता ने चुनाव आयोग को शिकायत भी की थी, जिस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। अब याचिकाकर्ता ने इन सभी आरोपों को लेकर हाईकोर्ट में सुखबीर बादल के निर्वाचन को चुनौती देते हुए चुनावी याचिका दायर कर दी है।