गुरुद्वारा स्थापना कमेटी के पदाधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाशोत्सव को समर्पित नगर कीर्तन दिल्ली से शुरू होकर पाकिस्तान जाएगा। इस नगर कीर्तन के साथ संगत छह नवंबर तक पाकिस्तान में रह कर वहां के अलग-अलग गुरुधामों के दर्शन कर सकेगी। इसके लिए सेक्टर 22 की गुरुद्वारा स्थापन कमेटी ने अपनी श्रद्धा और इच्छा के अनुसार इस नगर कीर्तन में जाने वाली संगत के लिए रजिस्ट्रेशन शुरू कर दी है।
गुरुद्वारा साहिब के सचिव गुरजोत सिंह साहनी ने बताया कि पाकिस्तान जाने के लिए वीजा फार्म गुरुद्वारा सेक्टर 22 डी में प्राप्त किए जा सकते हैं। इस मौके पर गुरुद्वारा स्थापन कमेटी के प्रधान अमरजीत सिंह सहगल, समाजसेवी परमदीप सिंह भबात, रघबीर सिंह रामपुर, गुरिंदर सिंह ओबेराय, जसबीर सिंह उप्पल, बाबा अजीत सिंह सैनी उपस्थित थे।
गुरजोत सिंह साहनी ने बताया कि जिन श्रद्धालुओं की पाकिस्तान जाने की इच्छा है वे फार्म भरकर पासपोर्ट की फोटो कॉपी और पासपोर्ट साइज की दो फोटो लगाकर गुरुद्वारा साहिब में जमा करा दें। एक यात्री से पांच हजार रुपये लिए जाएंगे। इनमें उनके आने जाने का किराया, वीजा फीस, ठहरने और लंगर का प्रबंध करना शामिल है। पाकिस्तान जानेवाले संगत 5 सितंबर तक फार्म भरकर गुरुद्वारा साहिब सेक्टर 22 में जमा करा दे। जो श्रद्धालु वीजा लगवाकर सीधे तौर पर पाकिस्तान जाना चाहते हैं वे भी जा सकते हैं।
साहनी ने बताया कि नगर कीर्तन 28 अक्तूबर को दिल्ली से शिरोमणि अकाली दल दिल्ली की ओर से अलग अलग धार्मिक संगठनों के सहयोग से शुरू होगा। नगर कीर्तन दिल्ली से शुरू होकर पानीपत, शंभू बैरियर से होता हुआ 29 अक्तूबर शाम को लुधियाना पहुंचेगा। लुधियाना से सुबह रवाना होकर 30 अक्तूबर की शाम को अमृतसर पहुंचेगा। यह नगर कीर्तन 31 अक्तूबर को वाघा बोर्डर से पाकिस्तान के लिए रवाना होगा।