पुडा द्वारा की जा रही टेक्निकल और नॉन टेक्निकल स्टाफ की 194 पदों की भर्ती के लिए इस बार मुकाबला कड़ा होगा। इन पदों के लिए 31 हजार लोगों ने आवेदन किया है। प्रत्येक पद के लिए 160 लोगों में कड़ी टक्कर होगी जो कि अपने आप में रिकॉर्ड है। पुडा ने भर्ती के लिए होने वाली परीक्षा संबंधी सारा शेडयूल गुरूवार को घोषित कर दिया। परीक्षा में किसी प्रकार की गड़बड़ी न हो इसके लिए पुडा द्वारा परीक्षा चंडीगढ़ में विभिन्न केंद्रों में आयोजित की जाएगी। विद्यार्थियों को रोल नंबर पुडा की वेबसाइट से ही हासिल करने होंगे।
घर-घर रोजगार देने के लिए शुरू की थी भर्ती
नई सरकार ने घर-घर रोजगार देने की मुहिम शुरू की थी। इसके तहत ही पंजाब अर्बन प्लानिंग एंड डेवलपमेंट अथारिटी (पुडा) में 194 पदों के लिए भर्ती शुरू हुई थी। इस दौरान सब डिवीजनल इंजीनियर सिविल, सब डिवीजन इंजीनियर पब्लिक हेल्थ, सब डिवीजनल इंजीनियर इलेक्ट्रिकल, सब डिवीजन इंजीनियर हार्टिकल्चर, जूनियर इंजीनियर सिविल, पब्लिक हेल्थ, इलेक्ट्रिकल, हार्टिकल्चर, बिल्डिंग, ड्राफ्टमैन, लॉ आफिसर, सीनियर असिस्टेंट एकाउंट और क्लर्क कम डाटा एंट्री ऑपरेटर की भर्ती होनी थी। काफी संख्या में लोगों ने नौकरियों में दिलचस्पी दिखाई है। विभाग को उम्मीद है कि इससे लोगों को फायदा मिलेगा। विभाग के मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा ने कहा कि जल्दी ही यह भर्ती प्रक्रिया संपन्न होगी।
पहले चरण में ऐसे होगी परीक्षा
विभाग के मुताबिक जिन लोगों ने सब डिवीजन इंजीनियर पब्लिक हेल्थ, सिविल, इलेक्ट्रिकल, हार्टिकल्चर व जूनियर इंजीनियर पब्लिक हेल्थ, सिविल, इलेक्ट्रिकल, हॉर्टिकल्चर व बिल्डिंग व लॉ आफिसर के पद के लिए आवेदन किया है, उनके एडमिट कार्ड पुडा ने अपनी वेबसाइट www.puda.gov.in पर अपलोड कर दिए हैं। परीक्षा 23 सितंबर को आयोजित की जाएगी। रिजल्ट 10 अक्तूबर को शाम पांच बजे वेबसाइट पर अपलोड कर दिया जाएगा।
दूसरे चरण में इनकी परीक्षा होगी
दूसरी तरफ ड्रॉफ्टमैन इंजीनियर व आर्किटेक्ट, सीनियर असिस्टेंट अकाउंट्स व क्लर्क कम डॉटा एंट्री आपरेटर पदों के लिए आवेदन करने वालों के रोल नंबर 10 अक्तूबर को वेबसाइट पर अपलोड किए जाएंगे। परीक्षा 14 अक्तूबर को होगी। रिजल्ट 5 नवंबर को शाम पांच बजे घोषित किया जाएगा।
मुलाजिम भर्ती होने से काम में आएगी तेजी
पुडा की सभी शाखाओं में काम बढ़िया तरीके से संपन्न हो इसके लिए यह कवायद की जा रही है। काफी संख्या में मुलाजिम रिटायर भी हो रहे हैं। ऐसे में कोशिश की जा रही है कि मुलाजिमों की कमी से लोगों को काम प्रभावित न हो। - विनी महाजन, हाउसिंग एंड अर्बन डिपार्टमेंट की अतिरिक्त सचिव कम पुडा की वाइस चेयरमैन