चंडीगढ़। पंजाब यूनिवर्सिटी प्रशासनिक सेवाओं के लिए स्टूडेंट्स को तैयारी करवाने जा रहा है। इसके लिए कोई बीए पास स्टूडेंट आवेदन कर सकता है, जो कि आईएएस की परीक्षा के लिए योग्य हो। आवेदनकर्ता का पंजाब यूनिवर्सिटी से कोई भी संबध होना जरूरी नहीं है। किसी भी राज्य से इच्छुक स्टूडेंट्स आईएएस प्रवेश परीक्षा की कोचिंग के लिए पीयू में आवेदन कर सकते हैं। आईएएस प्रिलिम्स की परीक्षा के लिए पीयू स्टूडेंट्स को 4 महीने की कोचिंग देगा। इसमें अनुभवी शिक्षकों की ओर से स्टूडेंट्स को पढ़ाया जाएगा और टेस्ट सीरिज करवाई जाएगी।
पीयू आईएएस परीक्षा के लिए नए बैच 31 जनवरी से शुरू कर रही है और आवेदन 20 जनवरी दोपहर 12 बजे तक ही कर सकते हैं। आईएएस बैच में एडमिशन के लिए प्रवेश परीक्षा 21 जनवरी को आईएएस सेंटर में 2:30 से 4:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। प्रवेश परीक्षा में आईएएस की परीक्षा के समान सामान्य ज्ञान से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे। सेंटर फॉर आईएएस के डायरेक्टर परमजीत कौर ने बताया कि पीयू में आईएएस के प्रिलिम्स की कोचिंग 4 महीने तक दी जाएगी। इसमें 4 महीने के लिए स्टूडेंट्स (जनरल कैटेगरी) को 25 हजार फीस अदा करनी होगी। वहीं पिछड़ा वर्ग के लिए फीस में 50 फीसदी की छूट दी गई है।