जेजेपी ने स्थगित किए आगामी सभी कार्यक्रम
इनेलो सुप्रीमो ओमप्रकाश चौटाला को आय से अधिक संपत्ति के मामले में सजा के फैसले के बाद जेजेपी ने अपने आगामी सभी कार्यक्रम स्थगित कर दिए हैं। पार्टी द्वारा सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को सूचित करते हुए जेजेपी प्रदेश अध्यक्ष सरदार निशान ने निर्देश जारी किए हैं कि ओमप्रकाश चौटाला के सजा के फैसले की वजह से पार्टी ने अपने सभी आगामी कार्यक्रम अगले आदेश तक के लिए स्थगित कर दिए हैं। इसलिए कहीं राजनीतिक कार्यक्रम का आयोजन न हो।
जजपा के प्रधान महासचिव दिग्विजय चौटाला ने हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री एवं अपने दादा ओमप्रकाश चौटाला को आय से अधिक मामले में सजा के फैसले को बेहद दुर्भाग्यपूर्ण एवं पीड़ादायक बताया है। दिग्विजय ने कहा कि सजा के फैसले से हम और उनके चाहने वाले सभी समर्थक बहुत दुखी हैं और उनके लिए एक बड़ा झटका है।
उन्होंने हाईकोर्ट से राहत की उम्मीद भी जताई। ओमप्रकाश चौटाला सर्वमान्य नेता हैं और आइडियल के तौर पर जाने जाते हैं। आज सजा के फैसले से सभी आहत है और सबको पीड़ा महसूस हो रही है। दिग्विजय चौटाला ने कहा कि न्यायपालिका के फैसले पर वे टिप्पणी नहीं करना चाहते हैं लेकिन सीबीआई की दलील इतनी गलत सोच के साथ एक विकलांग व्यक्ति को इतनी कठोर सजा करवाने की दी गई, जिससे वे आहत हैं। दिग्विजय ने यह भी कहा कि आज देश को दोनों हाथों से लूटने वाले लोग विदेश में घूम रहे हैं, जबकि मेहनतकश, कमेरे वर्ग की आवाज ओपी चौटाला पर एक बार फिर से ऐसा फैसला आना मन को दुखी करता है, क्योंकि वे दस साल की पहले भी सजा काट चुके हैं।