देश के सबसे हाईटेक एक्सप्रेस वे में शामिल कुंडली-गाजियाबाद-पलवल एक्सप्रेस वे का उद्घाटन 27 मई को पीएम नरेंद्र मोदी करेंगे। इसकी तैयारियों में सोनीपत व यूपी के बागपत का प्रशासन जुट गया है।
पीएमओ से नरेंद्र मोदी का कार्यक्रम जारी कर दिया गया है जो सबसे पहले पबसरा गांव के पास एनएचएआई की डिजिटल गैलरी का उद्घाटन करेंगे। उसके बाद यहां से सीधे यूपी के खेकड़ा में रैली को संबोधित करने जाएंगे। इसको लेकर ही बुधवार को डीसी समेत अन्य अधिकारियों ने तैयारियों का जायजा लिया।
कार्यक्रम में जहां केजीपी का उद्घाटन होगा, उसी दिन केजीपी के ऊपर ही पीएम नरेंद्र मोदी व केंद्रीय परिवहन मंत्री नितिन गडकरी के साथ अन्य वीआईपी के हेलीकॉप्टर उतारे जाएंगे।
ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए बनाया गया है
PM Modi
एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर आशीष कुमार जैन ने बताया कि दिल्ली में ट्रैफिक का दबाव कम करने के लिए एनएचएआई ने केजीपी का निर्माण किया है। 135 किमी लंबा केजीपी दो साल के रिकार्ड समय में 5763 करोड़ रुपये की लागत से बनाया गया है। उन्होंने बताया कि यह देश का पहला एक्सिस कंट्रोल हाईवे है और वाहन में जितना सफर करेंगे, उतना ही टोल देना होगा।
केजीपी का 27 मई को पीएम नरेंद्र मोदी उद्घाटन करेंगे और उसी दिन इसे जनता के लिए खोल दिया जाएगा। यह केजीपी सोनीपत के कुंडली में केएमपी से मिलेगा और इस पर हरियाणा के अंदर से भी पलवल पहुंचा जा सकता है। आशीष कुमार जैन ने बताया कि एनएचएआई की ओर से उद्घाटन की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
डीसी ने लिया तैयारियों का जायजा
डीसी विनय सिंह ने बताया कि 27 मई को पीएम नरेंद्र मोदी व अन्य वीआईपी का हेलीकॉप्टर पबसरा गांव के पास केजीपी पर उतारे जाएंगे। वहां सबसे पहले वह एनएचएआई की डिजिटल आर्ट गैलरी का उद्घाटन करेंगे। उसके बाद वहां से गाड़ी के सहारे वह यूपी के बागपत जिले के खेकड़ा में रैली स्थल पर पहुंचेंगे और वहां कार्यक्रम के बाद वापस पबसरा गांव के पास आकर हेलीकॉप्टर से रवाना हो जाएंगे। पीएम का कार्यक्रम जरूर आ चुका है, लेकिन अभी यह जानकारी नहीं दी गई है कि वह कितने बजे यहां पहुंचेंगे।
इस तरह बनी है डिजिटल गैलरी
नरेंद्र मोदी
- फोटो : SELF
एनएचएआई के प्रोजेक्ट डायरेक्टर आशीष जैन ने बताया कि केजीपी देश के हाईवे निर्माण क्षेत्र में एक बेहतरीन कदम है। देश के इस पहले एक्सिस कंट्रोल हाईवे के निर्माण के दौरान प्रयुक्त की गई तकनीक, बाधाओं व अन्य कार्यों को लोगों को दिखाने के लिए एनएचआई ने एक डिजिटल आर्ट गैलरी का निर्माण किया है।
इस गैलरी में 18 डिस्प्ले तैयार लगाए गए हैं। इनमें डिजिटल माध्यम से शुरुआत से लेकर हाईवे का निर्माण पूरा होने तक की पल-पल की जानकारी तैयार की गई है। इसके साथ ही निर्माण कार्य करने वाली पूरी टीम के साथ पीएम नरेंद्र मोदी एक फोटो भी खिचवाएंगे। इस फोटो को यादगार के तौर पर डिजिटल आर्ट गैलरी में लगाया जाएगा।
केजीपी की विशेषताएं
लागत-5763 करोड़, छोटे-बड़े पुल-50, रेलवे ओवरब्रिज -8, इंटरचेंज -7, फ्लाईओवर -4, वाहन अंडरपास -77, पैदल यात्री अंडरपास -152, पुलिया -116, गेल, आईओसीएल, डीजेबी, आईजीएल के पुल-14