हरियाणा में 4 से 13 जून तक होने वाले खेलो इंडिया यूथ गेम्स की हरियाणा बेहतरीन मेजबानी करेगा। आयोजन पर 250 करोड़ रुपये खर्च होंगे। खिलाड़ियों को थ्री-स्टार होटलों में ठहराया जाएगा। 4 मई को शाम 7:30 बजे केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह पंचकूला के ताऊ देवीलाल स्टेडियम में यूथ गेम्स का शुभारंभ करेंगे। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने गुरुवार को चंडीगढ़ में प्रेसवार्ता में यह जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि 139 करोड़ रुपये की राशि नई खेल संरचनाओं के निर्माण और पुराने बुनियादी ढांचे के सुधार पर खर्च की गई है। 25 खेलों में 1866 मेडल के लिए खिलाड़ियों के बीच भिड़ंत होगी। 545 स्वर्ण, 45 रजत और 776 कांस्य पदक के लिए खिलाड़ी जौहर दिखाएंगे। गर्मी को देखते हुए सभी प्रतियोगिताओं का आयोजन केवल सुबह और शाम को किया जाएगा।
खिलाड़ियों को चोटों से उबारने के लिए पंचकूला में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस पुनर्वास केंद्र बनाया गया है। यह उत्तर भारत में अपनी तरह का अनोखा केंद्र है। रोजाना विशिष्ट अतिथि बुलाए जाएंगे। पंजाब-हरियाणा के राज्यपाल, पंजाब के सीएम, दोनों राज्यों के सांसदों, मंत्रियों को आमंत्रित करेंगे। ओलंपिक पदक विजेता नीरज बाहर होने पर आयोजन में नहीं आ पाएंगे।
हरियाणा की नजर पहले स्थान पर
हरियाणा की नजर पहला स्थान हासिल करने पर है। इन खेलों के तीसरे संस्करण में हरियाणा दूसरे और महाराष्ट्र पहले स्थान पर रहा था। चौथे संस्करण के आयोजन का हरियाणा सरकार मूल्यांकन भी कराएगी। मूल्यांकन रिपोर्ट केंद्र सरकार, साई और उस राज्य को भेजी जाएगी, जहां पांचवां संस्करण आयोजित होगा।
मुख्य स्थल पर 7000 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था
ताऊ देवी लाल खेल परिसर पंचकूला खेल प्रतियोगिताओं का मुख्य आयोजन स्थल होगा। इसमें लगभग 7,000 दर्शकों के बैठने की व्यवस्था है। तीरंदाजी और फुटबॉल प्रतियोगिताएं पंजाब विश्वविद्यालय चंडीगढ़, तैराकी और जिम्नास्टिक अंबाला, हॉकी शाहबाद, साइक्लिंग व निशानेबाजी प्रतियोगिताएं दिल्ली में होंगी। खेलों के शुभारंभ कार्यक्रम में दस हजार से अधिक खिलाड़ी, स्टाफ, अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग शामिल होंगे। युवा अधिकारियों को खेलों के प्रबंधन का जिम्मा सौंपा है।