हरियाणा सरकार के खराब प्रदर्शन वाले मंत्री भाजपा आलाकमान के रडार पर हैं। अब तक के कार्यकाल में किए गए कामकाज का आंकलन कर मंत्रिमंडल में बदलाव को लेकर विचार चल रहा है। अंतिम निर्णय होना बाकी है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृह मंत्री अमित शाह ने प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े व मुख्यमंत्री मनोहर लाल से मंत्रियों की परफार्मेंस को लेकर विचार-विमर्श किया है।
यह भी पढ़ें - कैप्टन पर भड़के नवजोत सिद्धू: पुराना वीडियो शेयर कर अमरिंदर को बताया कृषि कानूनों का निर्माता
प्रदेश भाजपा प्रभारी विनोद तावड़े ने गुरुवार को यहां पार्टी मुख्यालय में अनेक मुद्दों पर चर्चा की। पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने सभी मंत्रियों के प्रदर्शन को अनेक पैमानों पर आंका है। पार्टी कार्यकर्ताओं की अनदेखी के आरोपों को भी गंभीरता से लिया गया है। कार्यकर्ताओं को अब यह अहसास कराया जाएगा कि वे सत्तारूढ़ दल से हैं। विधायकों के कामकाज पर भी पैनी नजर है। आगामी चुनाव में टिकट का आधार केवल और केवल परफार्मेंस होगी। जीतने की संभावना जिसकी होगी, उसे ही टिकट में प्राथमिकता मिलेगी।
तावड़े ने कहा कि जनता ने मंत्रियों, विधायकों को चुनकर भेजा है। उन्हें जनता की आकांक्षाओं के अनुसार काम करना होगा। समय-समय पर होने वाले बैठकों में सरकार के कामकाज पर चर्चा होती रहती है। सीएम और डिप्टी सीएम के बीच समन्वय अच्छा है। अभी तक कोई मनमुटाव देखने को नहीं मिला। डिप्टी सीएम के पास अहम विभाग हैं। अभी उनके कोटे से एक मंत्री बनना है। उसे लेकर भी केंद्रीय नेतृत्व ने चर्चा की है।
उन्होंने कहा कि मंत्रियों को थिंक टैंक की सहायता प्रदान करेंगे। सबका आउटपुट निकाला जा रहा है। बेहद जरूरी व महत्वपूर्ण कार्यों में अंतर समझकर मंत्रियों को काम करने के निर्देश दिए गए हैं। उनके विभागों के कामकाज को लेकर निरंतर बैठकें की जा रही हैं। ग्रामीण विकास, किसान हितैषी कार्य व भूजल स्तर बढ़ाने के काम करने को कहा है।
वोट प्रतिशत 36 से 55 पहुंचाना लक्ष्य
प्रदेश प्रभारी ने कहा कि 2024 के चुनाव में भाजपा का लक्ष्य वोट प्रतिशत को 36 से 55 तक पहुंचाना है। 2019 के चुनाव में पार्टी को 36.49 फीसदी वोट मिले थे। 40 प्रतिशत से कम, 40 से 60 के बीच और 60 फीसदी से अधिक वोट वाले बूथों को चिन्हित किया है। इनमें वोट प्रतिशत बढ़ाने को लेकर रणनीतिक तौर पर काम करेंगे। कार्यकर्ताओं की अनदेखी सरकार स्तर पर नहीं होगी। उनके काम भी होंगे व पूरा मान-सम्मान भी मिलेगा।
अंतिम चरण में सौ-डेढ़ सौ कार्यकर्ता चिन्हित करने की प्रक्रिया
तावड़े ने कहा कि 35 से 40 साल के कर्मठ, निष्ठावान सौ-डेढ़ सौ कार्यकर्ता-पदाधिकारी चिन्हित करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। ये दस साल बाद प्रदेश भाजपा को चलाएंगे। पार्टी की विचारधारा के साथ जनता को जोड़ने का काम चल रहा है। युवाओं को देश का वर्तमान इतिहास बता रहे हैं। पीएम नरेंद्र मोदी के सत्ता संभालने के बाद काम करने को लेकर सभी की सोच बदली है।
जीटी रोड बेल्ट के मंत्रियों की पहुंची शिकायत
उन्होंने बताया कि पार्टी आलाकमान के पास जीटी रोड बेल्ट के मंत्रियों की शिकायतें लगातार पहुंच रही हैं। एक मंत्री की कार्यप्रणाली से प्रदेश व केंद्रीय नेतृत्व खासा नाराज है। इसके साथ ही एक अन्य मंत्री भी पार्टी की कसौटी पर खरा नहीं उतर रहे। एक मंत्री के व्यवहार पर कार्यकर्ताओं ने सीधे आपत्ति जताई है। जनता के साथ मेलजोल व कामकाज ठीक न होने का भी मंत्री पर आरोप है।