राम रहीम की सुरक्षा में तैनात रहे पुलिसकर्मियों ने पदोन्नति कोर्स की अनुमति न देने के हरियाणा सरकार के फैसले को पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में चुनौती दी है। हरियाणा सरकार ने बताया कि इन्होंने राम रहीम को पंचकूला लाने के दौरान अधिकारियों से बदसलूकी की थी जिसके चलते इन्हें निलंबित किया गया है।
हाईकोर्ट ने अब हरियाणा सरकार के जवाब पर याचिकाकर्ताओं को पक्ष रखने का आदेश दिया है। याचिका दाखिल करते हुए राजेश कुमार व अन्य ने बताया कि वह हरियाणा पुलिस में तैनात हैं और उन्हें राम रहीम की सुरक्षा का जिम्मा सौंपा गया था। राम रहीम को दोषी करार देने के बाद हुई हिंसा के मामले में उन पर भी एफआईआर दर्ज हुई थी। इसके चलते उन्हें 2017 में निलंबित कर दिया गया था।
अब पुलिस विभाग ने पदोन्नति के लिए चुना था लेकिन हरियाणा सरकार ने उन्हें इसके लिए कोर्स करने की अनुमति नहीं दी। याची ने बताया कि भले ही वह निलंबित हैं और उनके खिलाफ विभागीय जांच विचाराधीन है लेकिन कोर्स करने का हक उनसे नहीं छीना जा सकता है। याची ने अपील की है कि हरियाणा सरकार को आदेश दिया जाए कि वह उसे कोर्स करने की अनुमति प्रदान करें ताकि उनकी पदोन्नति का रास्ता साफ हो सके।