चंडीगढ़। जिला अदालत के वकीलों ने सोमवार सुबह 11 बजे कार रैली निकाली और रोष व्यक्त करने के लिए सेक्टर-9 स्थित एसएसपी ऑफिस कूच किया लेकिन पुलिस ने उन्हें पहले ही रोक दिया। वकीलों का काफिला करीब 100 गाड़ियों का था। जिला अदालत के बाहर गेट पर उन्हें रोक दिया गया जिसके बाद वकीलों और पुलिस के बीच मामूली टकराव भी हुआ। इसके बाद पुलिस ने वकीलों की चार गाड़ियों को ही आगे जाने दिया। इसके बाद जिला बार एसोसिएशन के प्रधान शंकर गुप्ता समेत कुछ वकीलों ने डीजीपी और एसएसपी से पुलिस मुख्यालय में मुलाकात की। शंकर गुप्ता ने बताया कि अधिकारियों की तरफ से आश्वासन दिया गया कि मामले की निष्पक्ष जांच की जाएगी। इसके बाद बार एसोसिएशन ने फैसला लिया कि मंगलवार से सभी वकील हड़ताल खत्म कर काम पर लौटेंगे। बीते वीरवार से जिला अदालत के वकील हड़ताल पर थे।
बता दें कि बीते दिनों चंडीगढ़-मोहाली सीमा पर बंदी सिखों की रिहाई की मांग को लेकर कौमी इंसाफ मोर्चा के सदस्यों की पुलिस के साथ हिंसक झड़प हो गई थी। घटना के बाद पुलिस ने आठ प्रदर्शनकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज किया था। एफआईआर में जिला अदालत के दो वकील अमरजीत सिंह चलह और दिलशेर सिंह जंडियाला का नाम भी शामिल है। दोनों वकीलों का नाम एफआईआर से हटाने की मांग को लेकर और पुलिस के खिलाफ विरोध जताने की मंशा से वकीलों ने यह कार रैली निकाली।