धरनास्थल पर इकट्ठा होने के बाद वह सीएम आवास का घेराव करने चल पड़े। पुलिस ने उन्हें हाउसिंग बोर्ड चौक के पास रोका। इस दौरान पुलिस की तरफ से हाउसिंग बोर्ड पर बैरिकेडिंग की गई थी। बैरिकेडिंग शाम पांच बजे के बाद तोड़कर वोकेशनल टीचर्स आगे जाने का प्रयास करने लगे। जब वोकेशनल टीचर्स नहीं माने तो पुलिस ने पहले वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। बाद में उन पर जमकर लाठियां भांजी। इस दौरान प्रदर्शन करने आए वोकेशनल टीचर्स सुमनदीप सिंह, सुनील सैनी और अमन ढिल्लो के सिर फट गए। वहीं तीन महिला पुलिस कर्मचारियों समेत 20 से अधिक लोगों को चोट आई। पुलिस की ओर से करीब 150 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया गया। हालांकि बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।
ये हैं वोकेशनल टीचर्स की मांगें
हरियाणा वोकेशनल टीचर्स एसोसिएशन के राज्य प्रधान अनूप ढिल्लो ने बताया कि प्रदर्शन तीन मांगों को लेकर किया गया है। इसमें सरकार हमारी कोई सुनवाई नहीं कर रही है। उन्होंने बताया कि पहली मांग 2278 वोकेशनल टीचर्स को शिक्षा विभाग में समायोजित करने की है। वहीं दूसरी मांग समान काम, समान वेतन लागू की है। तीसरी मांग यह थी कि वोकेशनल टीचर्स को सर्विस रूल 2013 के मुताबिक 58 वर्ष की जॉब सिक्योरिटी दी जाए। इस मांग को लेकर वोकेशनल टीचर्स की ओर से कई बार प्रदर्शन किया गया। अधिकारियों को ज्ञापन दिया गया। हालांकि हरियाणा सरकार की ओर से कोई सुनवाई नहीं की गई है। अगर हमारी यह मांग नहीं मानी जाएगी तो प्रदर्शन जारी रहेगा।
पुलिस ने वोकेशनल टीचर्स पर हल्का बल प्रयोग कर रोका है। शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए जरूरी कदम उठाए गए हैं। किसी भी प्रकार से कानून व्यवस्था को खराब करने वाले वोकेशनल टीचर्स पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। -मोहित हांडा, डीसीपी, पंचकूला