सीआईए स्टाफ ने विभिन्न थानों की पुलिस के साथ मिलकर चार नशा तस्करों को काबू किया है। इनमें दो महिलाएं भी शामिल हैं। आरोपियों के पास से लाखों रुपये की हेरोइन पकड़ी है। पकड़े गए आरोपियों में एक युवती चंडीगढ़ के सेक्टर-35 स्थित एक नामी फाइव स्टार होटल में बतौर रिसेप्शनिस्ट के पद पर कार्यरत थी।
आरोपियों की पहचान हरकंवल कौर निवासी पीजीआई कैंपस चंडीगढ़, मोनिका निवासी आदर्श कॉलोनी नया गांव, परवीन कुमार उर्फ पिंका निवासी सेक्टर-23 चंडीगढ़ व तरनजीत सिंह निवासी न्यू चंडीगढ़ शामिल है। एसएसपी कुलदीप सिंह चहल ने आरोपियों को गिरफ्तार करने की पुष्टि की है।
एक्टिवा पर मोहाली आई नशा सप्लाई करने
एसएसपी ने बताया कि सीआईए इंचार्ज अतुल सोनी की अगुवाई वाली पुलिस ने विभिन्न स्थानों पर कार्रवाई के दौरान आरोपियों को दबोचा है। पुलिस को सूचना मिली थी कि आरोपी युवती अपनी एक्टिवा पर फेज-छह में हेरोइन की सप्लाई करने आ रही है। इसी बीच युवती वहां पर पहुंच गई।
पुलिस ने उसे रोककर उसे एक्टिवा की जांच की तो उससे दस ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इसके बाद पुलिस ने लड़की को काबू कर लिया। साथ ही उस पर एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज किया। उसने बताया कि वह एक पांच सितारा होटल में काम करती है। उसने बताया कि वह पक्के ग्राहकों को सप्लाई करने आई थी। उसने बताया कि वह चंडीगढ़ से नशीला पदार्थ लेकर आई थी।