लुधियाना में लगा कांग्रेस का पोस्टर।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विधानसभा चुनाव 2022 के लिए चाहे इस बार कांग्रेस सीएम चेहरे का एलान नहीं कर रही लेकिन चुनाव में किसी तरह का कोई विरोध न हो इसके लिए अब बोर्ड पर कांग्रेस ने अपनी तिकड़ी की फोटो लगा दी है। इस बार पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू, मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी और पंजाब कांग्रेस के पूर्व प्रधान सुनील जाखड़ को आगे रखकर पार्टी चुनाव लड़ेगी।
औद्योगिक नगरी में कांग्रेस ने नए बोर्ड लगा दिए हैं। इन बोर्ड पर टैग लाइन लिखी है नवीं सोच नवां पंजाब, इसके साथ ही कांग्रेस ने नारा लिखा है कि पंजाब दी चड़दी कलां कांग्रेस मंगे सरबत दा भला। कांग्रेस की तरफ से औद्योगिक शहर में विधानसभा चुनाव के लिए अपने बोर्ड नए लगा दिए हैं। खास बात यह है कि कांग्रेस ने सिर्फ एक चेहरे पर दांव न खेलते हुए पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू, सीएम चरणजीत सिंह चन्नी और सुनील जाखड़ की फोटो लगाई है। पंजाब के नक्शे पर तीनों की फोटो लगाकर कांग्रेस ने तीनों को साधने की कोशिश की।
सिद्धू की फोटो सबसे आगे, बीच में चन्नी और तीसरे नंबर पर जाखड़
कांग्रेस पार्टी की तरफ से महानगर में जो बोर्ड लगाए गए हैं, उन पर पहले नंबर पर पंजाब कांग्रेस प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू, दूसरे पर सीएम चरणजीत सिंह चन्नी और अंत में चुनाव प्रचार कमेटी के चेयरमैन सुनील जाखड़ की फोटो लगी है। इस बोर्ड के जरिये कांग्रेस जाट सिख, अनुसूचित जाति और हिंदू भाईचारे के वोट अपनी तरफ खींचना चाहती है।
कांग्रेसियों को पहले इस बात की चिंता थी कि आखिर चुनाव में कांग्रेस आलाकमान किसे आगे करेगी, इसे लेकर कांग्रेस के नेता काफी परेशान हैं। लेकिन नए बोर्ड लगते ही अब आम लोगों और कांग्रेसियों में इसकी चर्चा तेज है। कांग्रेसियों को लग रहा है कि पार्टी आलाकमान ने यह अच्छा रास्ता निकाला है। इसके साथ तीनों ही नेताओं के समर्थक कांग्रेस का साथ देंगे।
चन्नी के बोर्ड पर पहले भी हो चुका है विवाद
चरणजीत सिंह चन्नी जब पंजाब के मुख्यमंत्री बने थे तो पंजाब में बोर्ड लगा दिए गए थे कि घर-घर चल्ली गल्ल, चन्नी करदा मसले हल। इस स्लोगन पर भी कई वरिष्ठ कांग्रेसियों को एतराज था लेकिन बाद में चन्नी की जगह पंजाब सरकार लिख दिया गया। उसके बाद सीएम चेहरा घोषित न करना पड़े, इसके लिए कांग्रेस की तरफ से तीनों नेताओं की अगुवाई वाले बोर्ड लगा दिए गए और चुनाव में तीनों को प्रमुख चेहरा साबित कर दिया।