हरियाणा में 18 से 59 वर्ष के 1.2 करोड़ नागरिकों को कोविड रोधी वैक्सीन की बूस्टर डोज मुफ्त लगेगी। मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने सोमवार को इसकी घोषणा की। इस पर आने वाला 300 करोड़ रुपये का खर्च प्रदेश सरकार वहन करेगी। बूस्टर डोज जल्द लगना शुरू हो जाएगी। मुख्यमंत्री ने लोगों से मास्क पहनने की अपील की है।
उन्होंने कहा कि लोगों के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए कोविड रोधी टीकाकरण अभियान को आगे बढ़ाने का निर्णय लिया है। पात्र लाभार्थी हरियाणा के किसी भी सरकारी अस्पताल या डिस्पेंसरी से 250 रुपये की बूस्टर खुराक मुफ्त प्राप्त कर सकते हैं। बूस्टर डोज का खर्च कोविड राहत कोष से वहन किया जाएगा।
कोरोना संक्रमण के मामलों में वृद्धि को देखते हुए बार-बार हाथ धोएं, अन्य सावधानियों का पालन करें। दिशा-निर्देशों का पालन करना ही कोरोना के खिलाफ लड़ाई में सबसे बड़ा हथियार है। महामारी से लड़ने का दूसरा हथियार टीकाकरण है। राज्य के प्रत्येक व्यक्ति का कोविड के अत्याधिक संक्रमण से बचाव सुनिश्चित किया जाएगा। प्रदेश में अब तक कुल 2 करोड़ 33 लाख से अधिक लोगों को कोविड रोधी वैक्सीन की पहली खुराक और करीब एक करोड़ 88 लाख को कोविड वैक्सीन की दोनों डोज लग चुकी हैं। राज्य में अब तक करीब 3,71,700 लोग बूस्टर डोज लगवा चुके हैं।
417 नए केस, एक्टिव केस 1757 पहुंच
हरियाणा में कोरोना के मामले तेजी से दस्तक देने लगे हैं। रविवार को प्रदेश में 417 नए केस मिले हैं। अब कुल एक्टिव केसों की संख्या बढ़कर 1757 तक पहुंच गई है। राहत की बात यह है कि इनमें से 1729 मरीज घरों पर ही इलाज ले रहे हैं, जबकि शेष मरीज अस्पतालों में दाखिल हैं। प्रदेश में संक्रमण दर भी बढ़कर 4.24 प्रतिशत तक हो गई है।
रिकवरी दर 98.25 और मृत्यु दर 1.07 प्रतिशत चल रही है। बुलेटिन के अनुसार, नए केसों की बात करें तो गुरुग्राम में 331, फरीदाबाद में 72, हिसार में पांच, सोनीपत में चार, रोहतक में चार, कुरुक्षेत्र, रेवाड़ी, कैथल में एक-एक नया मरीज मिला है। शेष 15 जिलों में एक भी नया मामला सामने नहीं आया है।