अतिरिक्त बिजली खरीदने के लिए सभी प्रक्रियाएं पूरी कर ली गई हैं। गर्मी अधिक होने के चलते बिजली की मांग अधिक बढ़ने के कारण कट लगाए जा रहे हैं। आगामी एक से दो दिन में बिजली की व्यवस्था हो जाएगी। - रणजीत सिंह चौटाला, बिजली मंत्री।
15 मई से पहले 1000 मेगावाट बिजली मिल जाएगी: सीएम
हरियाणा को बिजली संकट से निजात दिलाने के लिए मुख्यमंत्री मनोहर लाल दिल्ली पहुंच गए हैं। उन्होंने शुक्रवार को केंद्रीय विद्युत, नव एवं नवीनीकरण ऊर्जा मंत्री राजकुमार सिंह से मुलाकात की। केंद्रीय मंत्री ने कामेंग हाइड्रो इलेक्ट्रिक प्रोजेक्ट से हरियाणा को 300 मेगावाट बिजली आपूर्ति पर सहमति जताई है। बैठक के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा को 15 मई से पहले 1000 मेगावाट और बिजली मिल जाएगी।
हिसार में पारा 46 डिग्री पार
उधर, हरियाणा में सूरज की तपिश लगातार बढ़ती जा रही है। शुक्रवार को हिसार में अधिकतम तापमान 46.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो पिछले एक दशक में सबसे अधिक रहा। मौसम विभाग ने एक मई तक प्रचंड गर्मी और भीषण लू का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। भारतीय मौसम विभाग के नारनौल स्थित सब सेंटर के नोडल अधिकारी डॉ. चंद्रमोहन ने बताया कि अगले तीन दिनों तक प्रचंड गर्मी का प्रकोप जारी रहेगा। पारा 48 डिग्री तक जाने का पूर्वानुमान है। रेवाड़ी में अधिकतम तापमान 46.1, सिरसा में 46, गुरुग्राम में 45.9 और नारनौल में 45 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शेष जिलों में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से अधिक रहा।