फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंजाब में खनन सामग्री की तस्करी: पठानकोट DC ने आधी रात तीन ट्रक पकड़े, एक ने टक्कर मारने का प्रयास किया

Wed, 07 Sep 2022 05:55 PM IST
ajay kumar संवाद न्यूज एजेंसी, पठानकोट (पंजाब)

सार

डीसी हरबीर सिंह ने कहा कि उन्हें सूचना मिली थी कि हिमाचल प्रदेश से अवैध खनन सामग्री से लदे ट्रकों का काफिला पठानकोट की ओर आ रहा है। इसके बाद वह मौके पर पहुंचे और कुछ ट्रकों को पकड़ कर कार्रवाई की।
विज्ञापन
डीसी ने तिरपाल लगे ट्रक की जांच करवाई तो उसमें बजरी लदी मिली। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर से अवैध तौर पर लाई जा रही खनन सामग्री को लेकर कार्रवाई करने पहुंचे डीसी हरबीर सिंह की गाड़ी को ट्रक चालक ने टक्कर मारने का प्रयास किया। बार-बार प्रयास विफल रहने पर चालक ने ट्रक भगाने का प्रयास किया। लेकिन जिलाधीश ने उसका पीछा कर ट्रक जब्त कर लिया। हालांकि, चालक ट्रक छोड़ भागने में सफल रहा। 

विज्ञापन


पूरे मामले में थाना 2 पुलिस ने तीन ट्रक कब्जे में लिए और मामला दर्ज किया। आरोपियों की पहचान गुरदासपुर के हरचोवाल निवासी सतनाम सिंह, मोगा के धर्मकोट निवासी जग्गा सिंह और झालावाड़ निवासी हरजीत सिंह के रूप में हुई है। पुलिस ने सभी आरोपियों के ट्रक भी जब्त किए हैं। बता दें, डीसी हरबीर सिंह और ड्रेनेज एक्सईएन मंगलवार-बुधवार की आधी रात पठानकोट-जालंधर नेशनल हाइवे पर जांच पर निकले थे। 

उन्होंने कई ट्रक चालकों का पीछा किया। इसी दौरान एक ट्रक चालक ने डीसी और एक्सईएन की गाड़ी को कई बार टक्कर मारने की कोशिश की। जब वह इसमें असमर्थ रहा तो ट्रक भगाना चाहा लेकिन, डीसी ने उस ट्रक का पीछा नहीं छोड़ा। इसके बाद ट्रक चालक अंधेरे में ट्रक छोड़कर भाग खड़ा हुआ। डीसी ने डीएसपी सिटी को मौके पर बुलाकर ट्रक जब्त करवाया। 

विज्ञापन
विज्ञापन

पंजाब में खनन बंद होने का फायदा उठा रहे हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के क्रशर संचालक
बता दें कि जम्मू-कश्मीर व हिमाचल प्रदेश से रोजाना खनन सामग्री से लदे कई ट्रक पठानकोट के रास्ते पंजाब में प्रवेश करते हैं। उक्त ट्रक पूरा टैक्स जमा नहीं करवाते। ट्रकों में लदे माल से कम की पर्ची कटवाई जाती है। ऐसे में इन ट्रकों में लदी खनन सामग्री अवैध मानी जाती है। वहीं, सस्ता माल लाकर पठानकोट व अन्य जगहों पर दोगुने दामों पर बेचकर चांदी कूटी जा रही है। डीसी ने कहा कि जांच में कई ट्रकों की पर्चियां के मुकाबले दोगुना मैटीरियल लदा पाया गया। 

डीसी बोले- खनन माफिया ने बदला काम का तरीका
डीसी हरबीर सिंह ने कहा कि खनन माफिया से जुड़े लोगों ने अवैध खनन की सप्लाई के लिए नया तरीका इजाद किया है। पहले खुले ट्रकों या टिप्परों में खनन सामग्री सप्लाई की जाती थी। अब पंजाब में सख्ती होने के कारण हिमाचल और जम्मू कश्मीर से आने वाले लोग पुलिस और खनन विभाग को चकमा देने के लिए खनन सामग्री से लदे ट्रक को तिरपाल से ढककर लाते हैं। खनन सामग्री को खाद्य सामग्री की तरह ढककर लाया जा रहा है, ताकि उन्हें रोका न जाए। ऐसे कई मामले सामने आए हैं और अब खनन माफिया की इस योजना पर भी पानी फिर चुका है। 

डीसी हरबीर सिंह ने कहा कि उन्हें सूचना मिली थी कि हिमाचल प्रदेश से अवैध खनन सामग्री से लदे ट्रकों का काफिला पठानकोट की ओर आ रहा है। इसके बाद वह मौके पर पहुंचे और कुछ ट्रकों को पकड़ कर कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि कुछ ट्रक होशियारपुर की तरफ भाग निकले। इस बारे में स्थानीय प्रशासन को अवगत करवा दिया गया है। डीसी ने कहा कि एक ट्रक चालक ने उन्हें कई बार टक्कर मारने का प्रयास किया लेकिन वह उस ट्रक को पकड़ने में सफल रहे। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें