कन्याकुमारी से दौड़कर आ रहे सिडनी के पूर्व संसदीय सचिव पैट फार्मर वीरवार को चंडीगढ़ पहुंच रहे हैं। उनके आगमन की तैयारियां जोरों से शुरू हो गईं हैं। गृह सचिव अनुराग अग्रवाल उनके स्वागत के संबंध में सोमवार को प्रेसवार्ता भी करने जा रहे हैं।
‘स्पीरिट ऑफ इंडिया रन’ के तहत फार्मर कन्याकुमारी से श्रीनगर तक 4600 किलोमीटर की दूरी 65 दिन में तय करेंगे। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के मौके पर फार्मर ने कन्याकुमारी से अपनी यह दौड़ शुरू की थी। 17 मार्च को वह अंबाला से चंडीगढ़ मार्च कर आएंगे। रात को यहीं रुकने के बाद 18 मार्च को फार्मर चंडीगढ़ से रोपड़ केलिए मार्च शुरू करेंगे।
चंडीगढ़ के प्रवेश द्वार पर प्रशासन फार्मर का जोरदार स्वागत करेगा। सभी विभागों के बीच सामंजस्य बनाकर इस यात्रा को सफल बनाने केलिए बकायदा एक नोडल अफसर नियुक्त किया जा रहा है। पर्यटन विभाग को नोडल एजेंसी बनाया गया है। पैट चंडीगढ़ पहुंचने पर सुखना लेक और रॉक गार्डन जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों को भी देखेंगे। इस पूरे इवेंट की प्रशासन वीडियोग्राफी और फोटोग्राफी करवाएगा।
संबंध बेहतर बनाने के लिए दौड़ रहे फार्मर
26 जनवरी को आस्ट्रेलिया राष्ट्रीय दिवस और भारत गणतंत्र मनाता है। पैट ने अपनी यात्रा कन्याकुमारी से 26 जनवरी को ही शुरू की थी, ताकि दोनों देशों के संबंधों को बेहतर बनाया जा सके। पैट के 30 मार्च को कन्याकुमारी पहुंचने पर यह यात्रा संपन्न होगी। पर्यटन को बढ़ावा देना भी इसका लक्ष्य है।