अनुबंध के अनुसार पार्किंग में चीन में निर्मित किसी भी सामान का उपयोग नहीं करना है। श्याम सुंदर कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि कोरोना महामारी के कारण काफी सामान नहीं मिल रहा है। ज्यादातर सामान चीन से ही आता है। ऐसे में पार्किंग को स्मार्ट कैसे बनाएं? इस पर एसके जैन ने श्याम सुंदर कंपनी के अधिकारियों को कहा था कि जिस तरह पाश्चात्य कंपनी पार्किंग को स्मार्ट कर रही है। वैसे ही वह भी करें। इसमें समय को लेकर कोई रियायत नहीं मिलेगी।
कोरोना के कारण लाइसेंस फीस में मिली थी छूट
कोरोना महामारी के कारण ठेका कंपनियों को राहत देते हुए नगर निगम ने जोन-2 में पड़ने वाली 32 पार्किंगों के लिए सितंबर माह में केवल 45 फीसदी जबकि अक्तूबर में 50 और नवंबर में लाइसेंस फीस की 55 फीसदी रकम ही जमा करवाई थी।
वहीं जोन-1 में पड़ने वाली 57 पेड पार्किंगों के लिए सितंबर माह में 55, अक्तूबर में 60 और नवंबर में 65 फीसदी रकम जमा कराई। हालांकि दिसंबर माह से निगम ने दोनों ठेकेदारों को पूरी लाइसेंस जमा करने को कहा है।
इस समय सिनेमाहॉल और मॉल की पार्किंगों को छोड़कर सभी जगह पूरे दिन का दोपहिया वाहन का पार्किंग शुल्क पांच रुपये और कार की पार्किंग का शुल्क दस रुपये लिया जा रहा है। पार्किंग स्मार्ट होने के बाद एक जनवरी से यह शुल्क तीन स्लैब में लिए जाएंगे।
पहले चार घंटे तक दोपहिया वाहन की पार्किंग के पांच रुपये जबकि कार के 10 रुपये वसूले जाएंगे। चार घंटे के बाद यह शुल्क दोगुने हो जाएंगे। वहीं, 12 घंटे बाद यह शुल्क पहले स्लैब के मुकाबले चार गुना हो जाएंगे। यानी चार से 12 घंटे तक दोपहिया वाहन से 10 रुपये जबकि कार चालकों से 20 रुपये लिए जाएंगे जबकि 12 घंटे के बाद दोपहिया वाहनों के 20 रुपये और कार चालकों से 40 रुपये का शुल्क लिया जाएगा।
उधर, फन रिपब्लिक, एलांते मॉल और मनीमाजरा फन रिपब्लिक के बाहर बनी पेड पार्किंग में दोपिहया वाहन से 20 और चारपहिया वाहनों के 40 रुपये एकमुश्त शुल्क लिए जाएंगे। 10 मिनट तक पिक एंड ड्रांप की सुविधा के लिए लोगों से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। दोपहिया वाहन का मासिक पास 150 रुपये और कार का 300 रुपये में बनाने की सुविधा है।