बठिंडा में शनिवार को भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अश्वनी शर्मा के दौरे के मद्देनजर जिला पुलिस ने सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए। जिला पुलिस प्रशासन की ओर से सख्त नाकाबंदी कर दी गई। पुराने किले के बैक साइड में भाजपा नेताओं से मिलने के लिए आ रहे शर्मा की सुरक्षा को लेकर उक्त एरिया को पुलिस छावनी में तबदील कर दिया गया।
अश्वनी शर्मा के आने को लेकर जिला पुलिस की ओर से विभिन्न जगहों पर नाकाबंदी कर करीब 900 पुलिस कर्मी तैनात कर दिए गए हैं। वहीं शर्मा का विरोध करने के लिए किसान भी मित्तल मॉल के बाहर धरने पर बैठ गए हैं। किसान नेता हरजिंदर सिंह ने बताया कि अलग-अलग जत्थेबंदियों के करीब 100 किसान वर्कर शर्मा का विरोध करेंगे।
अबोहर : एक जनवरी से कारपोरेट घरानों के सभी टावर बंद करने का एलान
किसान आंदोलन के समर्थन में संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर 27 दिसंबर को अबोहर में जागरूकता रैली निकाली जाएगी। यह फैसला शनिवार को श्रीगंगानगर रोड स्थित पंप पर हुई किसान संगठनों की बैठक में लिया गया। क्रांतिकारी किसान यूनियन, कुलहिंद किसान सभा, भारतीय किसान यूनियन एकता सिद्धूपुर की बैठक में यह भी फैसला लिया गया कि 1 जनवरी से क्षेत्र में लगे कारपोरेट घरानों के सभी टावर बंद करवाए जाएंगे
पठानकोट में किसानों ने चार टावर की बिजली काटी
पठानकोट-अमृतसर नेशनल हाईवे पर 50 दिन से धरना लगाकर बैठे किसान संगठनों ने शनिवार को मलिकपुर एरिया में 4 टावरों के बिजली कनेक्शन काट दिए। किसान नेता जसवंत सिंह कोठी ने कहा कि जिन टावरों के कनेक्शन काटे गए हैं। उनके बाहर किसानों ने पक्के नाके लगाए है। अगर कंपनियों ने इन टावरों के कनेक्शन जोड़े तो वह कुछ बड़ा फैसला ले सकते हैं। हमारे साथी दिन रात टावरों की निगरानी करेंगे और सुनिश्चित करेंगे कि कंपनी वाले टावरों के कनेक्शन न जोड़ पाएं।
कृषि कानूनों के खिलाफ पटियाला में भाजपा जिला (शहरी) प्रधान हरिंदर कोहली की कोठी को घेर कर दिया जा रहा धरना शनिवार को जारी रहा। पुलिस प्रशासन ने किसानों से बात करके धरने को समाप्त कराने के कई प्रयास किए लेकिन किसान कृषि कानूनों को वापस लेने की मांग पर अड़े हैं। किसानों ने कोहली के इस्तीफे की भी मांग की। वहीं कोहली ने बताया कि उनके बेटे का पिछले दिनों एक्सीडेंट हो गया था। उसका इलाज चल रहा है। चंडीगढ़ में बेटे को शनिवार को डॉक्टर को दिखाना था। बड़ी मुश्किल से पुलिस प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद धरनाकारी किसानों को मनाया गया। उसके बाद ही वे बेटे को लेकर चंडीगढ़ जा पाए।
किसानों के समर्थन में आए अध्यापक और समाजसेवी
लुधियाना में जगरांव के रेलवे स्टेशन पर किसान यूनियन की तरफ से लगातार धरना दिया जा रहा है। शनिवार को अध्यापक भी इस धरने में शामिल होने पहुंचे। उन्होंने दिन भर भूख हड़ताल कर केंद्र सरकार से कानूनों को वापस लेने की मांग की। शनिवार को घंटाघर चौक स्थित भाजपा कार्यालय के सामने समाजसेवी टीटू बानिया समर्थकों सहित धरना देने पहुंचे। उन्होंने केंद्र सरकार से तुरंत इन काले कानूनों को वापस लेने की मांग की ताकी पंजाब की किसानी को बचाया जा सके।
वहीं हलवारा गांव से शनिवार सुबह एक जत्था दिल्ली आंदोलन में शामिल होने के लिए निकला। ग्रामीण रछमिंदर सिंह के परिवार की तरफ से यह जत्था आंदोलनरत किसानों के लिए गर्म कपड़े, कंबल और अन्य सामग्री लेकर गए हैं। उनके साथ भारतीय किसान यूनियन एकता डकौंदा प्रधान जतिंदर सिंह, खजांची गुरप्रीत सिंह, मास्टर हरदेव सिंह धालीवाल समेत कई लोग दिल्ली के लिए रवाना हुए।