भारतीय सीमा में गलती से घुसे एक पाकिस्तानी नागरिक को सीमा सुरक्षा बल ने पाकिस्तान रेंजर्स को सौंप दिया है। बीएसएफ ने सद्भावना और मानवीयता के आधार पर पाकिस्तानी नागरिक को पाकिस्तान रेंजर्स को सौंपा
सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने एक बार फिर से सद्भावना का मिसाल कायम की है। भारतीय सीमा में गलती से घुसे एक पाकिस्तानी नागरिक को शनिवार को पाकिस्तान रेंजर्स को सौंप दिया है। बीएसएफ के पंजाब फ्रंटियर के अनुसार एक व्यक्ति 26 नवंबर को गुरदासपुर के पास गलती से अंतरराष्ट्रीय सीमा पार कर गया था, जिसके बाद सुरक्षाबल ने उसे हिरासत में ले लिया था।
विज्ञापन
जानकारी के अनुसार, भारत-पाकिस्तान सीमा पर स्थित बीएसएफ की 73 बटालियन ने एक पाकिस्तानी नागरिक को सरहद पार करते पकड़ा था। ओपी शाहपुर पर शाम करीब पांच बजे 73 बटालियन को एक संदिग्ध व्यक्ति पाकिस्तान की ओर से आता दिखाई दिया।
बीएसएफ ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। उक्त नागरिक की पहचान इमरान अहमद पुत्र सुलतान अहमद निवासी गांव कामोकी जिला नारोवाल के रूप में हुई थी। युवक ने काले रंग की फुल स्लीव, नीला स्वेटर, काला पाजामा और प्लास्टिक की चप्पल पहनी थी।