देश में प्याज को लेकर त्राहि-त्राहि मची है। इसके बीच बाजारों में एक प्याज आना शुरू हो गया है, जो सस्ता मिलेगा। ये है अफगानी प्याज। चंडीगढ़ की सेक्टर-26 मंडी में पिछले दो दिन से अफगानिस्तान का प्याज आना शुरू हो गया है। इसके साथ ही पाकिस्तान का प्याज भी शहर में पहुंच गया है। लेकिन अफगानिस्तानी प्याज काफी वजनी है।
एक प्याज का वजन 400 से 600 ग्राम के बीच में है। आढ़तियों के अनुसार पाकिस्तानी प्याज की क्वालिटी ठीक नहीं है। उसके जल्द खराब होने की संभावना है। लेकिन अफगानिस्तान के प्याज बेहतर क्वालिटी के हैं। लेकिन बड़ा साइज होने के कारण आम खरीदार इन प्याज के नहीं खरीद रहे हैं।
अफगानिस्तान और पाकिस्तान के प्याज की सप्लाई होटल, रेस्तरां और विवाह समारोह में किया जा रहा है। शहर में अफगानिस्तान और पाकिस्तान से प्याज वाया अमृतसर और दिल्ली से आ रहा है। मंडी में अफगानिस्तान और पाकिस्तान प्याज की कीमत 50 रुपये किलो है। मंगलवार को 5 टन पाकिस्तानी प्याज आया है।