सरहद से बरामद हथियारों की खेप पंजाब में बड़ी वारदात को अंजाम देने के लिए भिजवाई गई थी। पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई भारतीय तस्करों के माध्यम से पंजाब में बैठे आतंकियों तक हथियार पहुंचाना चाहती थी। इससे पहले आईएसआई तरनतारन और सांबा इलाके में ड्रोन के जरिए हथियार पहुंचाने में असफल रही थी। इसलिए अब ममदोट क्षेत्र को चुना गया है, क्योंकि यहां सरहद के पास जंगल है, जो बहुत घना है।
खुफिया सूत्रों के मुताबिक पाकिस्तान और विदेश में बैठे आतंकी पंजाब में दोबारा माहौल खराब करने के प्रयास में जुटे हैं। आईएसआई पंजाब में आतंकियों के माध्यम किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में है। इसलिए ममदोट क्षेत्र से सटी सरहद के जरिए हथियारों (एके-47 तीन राइफलें, दो-एम-16 दो राइफलें, पिस्तौल दो, चौदह मैगजीन व 168 कारतूस) की खेप भेजी गई है।
ममदोट, हुसैनीवाला बार्डर से सटे क्षेत्र और फाजिल्का के सीमावर्ती गांव में सक्रिय तस्करों के पाकिस्तानी तस्करों व आईएसआई के अधिकारियों से गहरे संबंध हैं। तस्करों के पास पाकिस्तानी मोबाइल कंपनी के सिम कार्ड हैं, जिस पर व्हाट्सएप के माध्यम से पाक तस्करों को जगह बता कर वहां पर हथियार व हेरोइन की डिलीवरी मंगवाई जाती है। इससे पहले भी इसी रास्ते से हथियारों की खेप आने की बात कही जा रही है, क्योंकि बीओपी न्यू गजनी वाला की तरफ का इलाका तस्करी के मामले में काफी बदनाम है और कई बार इस क्षेत्र से भारी मात्रा में हेरोइन व हथियार पकड़े जा चुके हैं।
उल्लेखनीय है कि अमृतसर में एक सत्संग घर में जो हैंड ग्रेनेड फेंका गया था, वह भी पाकिस्तान से आया था। सूत्रों के अनुसार, 84 के दंगों में बार्डर पर फेंसिंग नहीं लगी थी, इसलिए तरनतारन और फिरोजपुर की तरफ बहते दरिया व जंगल के रास्ते से हथियारों की तस्करी आसानी से होती थी। न्यू गजनी वाली बीओपी ममदोट क्षेत्र के अंतर्गत है, यहां पर आतंकी, नक्सली व तस्कर सक्रिय हैं।
कुछ साल पहले मोहाली पुलिस भी ममदोट क्षेत्र से एक तस्कर से आरडीएक्स पकड़ कर ले गई थी। ममदोट से ही सटे गांव चक टाहली वाला में आतंकी बलबीर सिंह भूतना रहता था, जो इस समय नाभा जेल में बंद है। सूत्रों के अनुसार, न्यू गजनी वाला के क्षेत्र में तस्करी बहुत होती है। इससे पहले भी हथियारों की खेप भारतीय तस्करों तक पहुंची है। कपूरथला से एक कुख्यात गैंगस्टर पकड़ा गया था, जिसके पास से अमेरिका के राष्ट्रपति की सुरक्षा में इस्तेमाल होने वाले आधुनिक हथियार पकड़े गए थे। उक्त गैंगस्टर की निशानदेही पर पुलिस ने फिरोजपुर से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया था, जो जेल में बंद है।