जम्मू से बिहार प्रवासियों को लेकर जा रही एक निजी कंपनी की बस मंगलवार सुबह 4.30 बजे खन्ना के पास पलट गई। यह हादसा राधा स्वामी डेरा के सामने हुआ। हादसे में 15 लोग घायल हो गए। डेरे में रहने वाले सेवादारों ने लोगों को बस से निकला और पुलिस को सूचित किया। सभी घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
ज्यादा गंभीर हालत में तीन लोगों को पटियाला रेफर कर दिया गया। पुलिस घटना की जांच कर रही है। निजी कंपनी के बस मालिक को खन्ना पुलिस ने बुलाया है। जानकारी के अनुसार एक निजी कंपनी की बस जम्मू से प्रवासियों को लेकर बिहार जा रही थी। जैसे ही सुबह करीब साढ़े चार बजे बस खन्ना के राधा स्वामी सत्संग घर के पास पहुंची, अचानक पलट गई।
बस सवारों के अनुसार, बस में लगभग 45 लोग सवार थे, जिन्होंने अपने घर जाने के लिए जम्मू में ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन करवाया था। जबकि कोरोना संक्रमण को देखते साफ हिदायत है कि बस में 50 फीसदी से ज्यादा लोग नहीं बैठ सकते है। कुछ प्रवासियों का कहना था कि बस चालकों ने उनसे ज्यादा पैसे लिए हैं। थाना सदर पुलिस अब इस मामले की जांच कर रही है।
थाना सदर प्रभारी जसपाल सिंह ने कहा कि बस पलटने के कारण का खुलासा नहीं हो सका है। आशंका है कि ड्राइवर को झपकी आ गई होगी। अभी तक जांच में सामने आ चुका है कि इस बस में ज्यादा लोग सवार थे। पुलिस ने जम्मू से बस मालिक को फोन कर यहां पर बुलाया है। वह प्रवासियों को आगे भेजने के लिए एक और बस भेज रहे हैं। मामले की पूरी जांच की जाएगी, लापरवाही करने के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।